शामली
स्विमिंग पूल के पास से 250 ग्राम चरस बरामद, आरोपी गिरफ्तार
ऑपरेशन सवेरा के तहत कांधला पुलिस की कार्रवाई, चोरी और मादक पदार्थ तस्करी के मामलों में पहले भी जा चुका है जेल
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कांधला पुलिस ने कैराना रोड स्थित स्विमिंग पूल के निकट से एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 250 ग्राम चरस बरामद करने का दावा किया है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
शुक्रवार को थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ ऑपरेशन सवेरा अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इस दौरान कैराना रोड स्थित स्विमिंग पूल के समीप एक संदिग्ध युवक पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
पुलिस के अनुसार, तलाशी लेने पर युवक के कब्जे से 250 ग्राम चरस बरामद हुई। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर थाने लाया गया और उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक के अनुसार, गिरफ्तार युवक का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। वह चोरी और मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।