शामली

साइबर ठगों से बचने के लिए पुलिस ने किया जागरूक

ओटीपी और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करने की अपील, ठगी होने पर 1930 पर करें शिकायत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। डिजिटल लेन-देन के बढ़ते चलन के बीच साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और लोगों को ऑनलाइन ठगी के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से कांधला थाना परिसर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को साइबर ठगों के हथकंडों की जानकारी देते हुए अपनी निजी जानकारी सुरक्षित रखने और सतर्कता बरतने की अपील की।
कार्यक्रम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक मुनेंद्र कुमार और रणवीर सिंह ने साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि ठग लोगों को झांसे में लेने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। कभी बैंक अधिकारी बनकर तो कभी आकर्षक प्रलोभन देकर लोगों से गोपनीय जानकारी हासिल करने का प्रयास किया जाता है। थोड़ी-सी लापरवाही मेहनत की कमाई गंवाने का कारण बन सकती है।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों को सलाह दी कि वे बैंक खाते से संबंधित गोपनीय विवरण, वन टाइम पासवर्ड (ओटीपी) और अन्य निजी जानकारियां किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। मोबाइल पर आने वाले संदिग्ध संदेशों और अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें। किसी के कहने पर जल्दबाजी में ऑनलाइन लेन-देन करने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें।
उन्होंने बताया कि साइबर ठगी का शिकार होने पर बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। समय रहते शिकायत करने से ठगी गई धनराशि को रोकने की संभावना बढ़ सकती है।
पुलिस ने लोगों से स्वयं सतर्क रहने के साथ ही अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान कई लोग मौजूद रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button