मेरठ

एमआईईटी में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम

विद्यार्थियों को बताए बचाव के तरीके

साइबर ठगी, सोशल मीडिया फ्रॉड और डिजिटल अपराधों से सतर्क रहने के लिए किया जागरूक

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

मेरठ। एमआईईटी में मेरठ पुलिस की साइबर सेल की टीम ने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। साइबर सेल प्रभारी संजय पांडेय के नेतृत्व में सब-इंस्पेक्टर आकाश पंवार, हेड कांस्टेबल उमेश कुमार और हेड कांस्टेबल मोहित पवार ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी।

कार्यक्रम में संजय पांडेय ने वित्तीय धोखाधड़ी, सोशल मीडिया फ्रॉड, सिम स्वैपिंग, फर्जी एसएमएस और केवाईसी लिंक के जरिए होने वाली ठगी के बारे में बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को अनजान लिंक पर क्लिक न करने तथा ओटीपी, पासवर्ड और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करने की सलाह दी। संदिग्ध वेबसाइट की जांच के लिए वायरस टोटल जैसे ऑनलाइन टूल के उपयोग की जानकारी भी दी गई।

विद्यार्थियों को सिम स्वैपिंग से बचाव, संचार साथी पोर्टल की सुविधाओं और आधार की सुरक्षा के लिए यूआईडीएआई की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध बायोमेट्रिक लॉक सुविधा के बारे में भी बताया गया। इसके साथ ही साइबर स्टॉकिंग, साइबर बुलिंग और महिलाओं के खिलाफ ऑनलाइन अपराधों की पहचान तथा शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया समझाई गई।

साइबर सेल की टीम ने बताया कि ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या आधिकारिक पोर्टल cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। समय पर शिकायत करने से ठगी की रकम को आगे हस्तांतरित होने से रोकने में मदद मिल सकती है।

इस दौरान कॉलेज के चेयरमैन विष्णु शरण, वाइस चेयरमैन गौरव अग्रवाल, मैनेजर बरखा अग्रवाल, कैंपस निदेशक डॉ संजय कुमार सिंह,डीन एकेडमिक्स डॉ संजीव सिंह,डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर डॉ हनी तोमर,मीडिया हेड अजय चौधरी,ब्रांड मैनेजर देवप्रिया,डॉ बृजेश सिंह आदि मौजूद रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button