गाजियाबाद
लोनी में अधिशासी अधिकारी व सभासद विवाद गहराया
निजी बकाया मांगने को लेकर हंगामे और हथियार दिखाकर धमकाने के आरोप
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी (गाजियाबाद) : लोनी नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी वैभव त्रिपाठी और नगरपालिका वार्ड-31 के आम आदमी पार्टी सभासद जगत सिंह के बीच हुए विवाद ने आखिरकार कानूनी रूप ले ही लिया है। अंकुर विहार थाना पुलिस ने ईओ की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच उपनिरीक्षक मनोज कुमार को सौंप दी है। पुलिस को सौंपी अपनी शिकायत में अधिशासी अधिकारी ने लगाए आरोपों की जांच के साथ सभासद के आपराधिक इतिहास की भी पड़ताल करने की मांग की है।
बैठक में हंगामा करने का आरोप
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, घटना 6 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 12 बजे नगर पालिका के ईओ कार्यालय में आयोजित प्रशासनिक समिति की बैठक के दौरान हुई। आरोप है कि सभासद जगत सिंह बैठक के बीच पहुंचे और सफाई का ठेका लेने वाली कंपनी मैसर्स एसबीए एनवायरो प्राइवेट लिमिटेड से निजी बकाया राशि की मांग को लेकर हंगामा करने लगे।
शिकायत के मुताबिक, अधिकारियों ने निजी लेनदेन को नगर पालिका के कार्यक्षेत्र से अलग बताया तो सभासद कथित रूप से नाराज हो गए। ईओ ने अपनी शिकायत में सभासद पर गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी देने और हथियार लेकर कार्यालय पहुंचने के आरोप लगाए हैं। घटना से कार्यालय में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच भय का माहौल बनने की बात भी शिकायत में कही गई है।
शिकायत के बाद पुलिस ने शुरू की जांच
अंकुर विहार थाना पुलिस ने 14 अक्टूबर को शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। मामले की जांच एसआई मनोज कुमार को सौंपी दी है। पुलिस कार्यालय में मौजूद लोगों के बयान दर्ज करने और सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध होने पर उसकी जांच करने की दिशा में कार्रवाई करेगी।
थाना प्रभारी योगेंद्र पंवार के अनुसार, ईओ वैभव त्रिपाठी की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच के बाद साक्ष्यों और कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की जांच जारी है। सभासद जगत सिंह का पक्ष जानने का प्रयास किया गया लेकिन उनसे बात नहीं हो पाई
