शामली

मतदाता सूची में नाम जुड़वाने को पहले दिन बूथों पर कम पहुंचे लोग

जिले के 1129 बूथों पर चला विशेष अभियान, नए मतदाताओं ने भरे फॉर्म-6

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

शामली। विधानसभा निर्वाचक नामावली में नए मतदाताओं के नाम जोड़ने और मतदाता सूची में संशोधन के लिए शनिवार को जिलेभर में विशेष अभियान चलाया गया। जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों के 1129 मतदेय स्थलों पर सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक बीएलओ और पदाभिहित अधिकारियों ने दावे एवं आपत्तियां प्राप्त कीं। अभियान के पहले दिन बूथों पर मतदाताओं की संख्या अपेक्षाकृत कम रही, जबकि नए मतदाताओं ने पहुंचकर पंजीकरण कराया।

जिले की शामली विधानसभा के 372, कैराना विधानसभा के 372 और थानाभवन विधानसभा के 385 बूथों पर विशेष अभियान चलाया गया। इसमें 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके और अभी तक मतदाता सूची में नाम दर्ज नहीं करा पाए युवाओं ने फॉर्म-6 भरकर आवेदन किया।

अभियान के दौरान मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के साथ नाम हटाने, किसी प्रविष्टि में संशोधन कराने और निवास स्थान बदलने के कारण मतदाता का पता दूसरे स्थान पर दर्ज कराने के लिए भी आवेदन प्राप्त किए गए। आवेदन प्रक्रिया के दौरान बीएलओ ने युवाओं से दो पहचान पत्र भी जमा कराए।

मतदाताओं की सहायता के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा, एएनएम, किसान सेवक, ग्राम पंचायत अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी और लेखपाल सहित अन्य ग्राम स्तरीय कर्मचारी भी मतदान केंद्रों पर मौजूद रहे।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र सिंह ने अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने और मतदाताओं से अपने बूथों पर पहुंचकर विशेष शिविर का लाभ उठाने की अपील की।

शामली शहर के वीवी इंटर कॉलेज, आर्य समाज मंदिर, जूनियर हाईस्कूल नंदूप्रसाद, जूनियर हाईस्कूल गुजरातियान, देशभक्त इंटर कॉलेज, आरके इंटर कॉलेज और ब्रिगेडियर होशियार सिंह इंटर कॉलेज सहित बनत के प्राथमिक विद्यालयों तथा नगर पंचायत बनत के बूथों पर भी मतदाताओं ने पहुंचकर सूची में अपने नाम की जांच की।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button