शामली

जिम से लौट रहे युवक पर चाकू और लाठी-डंडों से हमला

पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप

चाचा ने कोतवाली में दी तहरीर, सीसीटीवी कैमरे में घटना कैद होने का दावा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

शामली। शहर की सरजीत कॉलोनी में रंजिश के चलते जिम से लौट रहे युवक पर चाकू, लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित के चाचा ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है। साथ ही पुलिस पर दो दिन बीतने के बावजूद कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है।

नौकुआ रोड स्थित सरजीत कॉलोनी निवासी जाहिर अहमद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 15 अक्टूबर की रात करीब आठ बजे उनका भतीजा फरान कलंदरशाह स्थित फिटनेस जिम से बाहर निकला था। आरोप है कि रास्ते में कॉलोनी के ही आमिर, दानिश, नवाजिश और सावेज ने उसे रोक लिया। इसके बाद गाली-गलौज करते हुए चाकू, रॉड और लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

हमले में फरान के सिर, कमर और पैर में गंभीर चोटें आईं। वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। आरोप है कि मौके पर लोगों के एकत्र होने पर हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घायल का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उसे जिला संयुक्त चिकित्सालय शामली भेजा गया।

सीसीटीवी फुटेज में घटना कैद होने का दावा

जाहिर अहमद का दावा है कि घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने और परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका आरोप है कि घटना के दो दिन बाद भी पुलिस ने कार्रवाई नहीं की है। मामले में पुलिस का पक्ष सामने आने पर उसे भी शामिल किया जाना चाहिए।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button