ललितपुर
बजाज समूह ने गौ सेवा गोविंद सेवा संस्थान को भेंट किया आकस्मिक पशु चिकित्सा वाहन
कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत गौवंश की सेवा और उपचार को मिलेगी नई गति

तुवन सरकार की पावन धरा पर हुआ लोकार्पण
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। श्रीश्री 1008 तुवन सरकार की पतित पावन धरा पर महंत श्रीरामलखन दासजी महाराज (दिगंबर अखाड़ा) के सानिध्य में बजाज समूह की ललितपुर पावर जनरेशन कंपनी लिमिटेड ने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व के अंतर्गत बुंदेलखंड में गौ सेवा के क्षेत्र में अग्रणी संस्था गौ सेवा गोविंद सेवा संस्थान को एक आकस्मिक पशु चिकित्सा वाहन प्रदान किया। इस पहल से घायल, बीमार एवं दुर्घटनाग्रस्त गौवंश को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। महंत ने कहा कि गौ सेवा भारतीय संस्कृति, करुणा और सेवा भाव का महत्वपूर्ण अंग है। घायल और असहाय गौवंश को समय पर उपचार उपलब्ध कराना पुण्य के साथ-साथ हमारा सामाजिक दायित्व भी है। बजाज समूह द्वारा पशु चिकित्सा वाहन उपलब्ध कराना सराहनीय पहल है। इससे गौवंश की सेवा और उपचार के कार्य को मजबूती मिलेगी। एलपीजीसीएल के सीईओ ए.एन. सार ने कहा कि कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व का उद्देश्य समाज की वास्तविक आवश्यकताओं से जुड़कर सकारात्मक बदलाव लाना है। गौवंश के उपचार और देखभाल के लिए आकस्मिक पशु चिकित्सा वाहन उपलब्ध कराना इसी दिशा में हमारा प्रयास है। हमें आशा है कि इस वाहन के माध्यम से जरूरतमंद पशुओं तक समय पर सहायता पहुंच सकेगी और क्षेत्र में संचालित गौ सेवा के कार्यों को प्रोत्साहन मिलेगा। गौ सेवा गोविंद सेवा संस्थान एवं गौ पुत्र सेना के गौ पुत्र प्रशांत शुक्ला ने कहा कि बुंदेलखंड में गौवंश की सेवा करते समय घायल और बीमार पशुओं को समय पर उपचार दिलाना एक बड़ी चुनौती रहती है। बजाज समूह द्वारा उपलब्ध कराया गया यह आकस्मिक पशु चिकित्सा वाहन गौसेवकों के लिए महत्वपूर्ण सहयोग साबित होगा। इससे जरूरतमंद गौवंश तक पहुंचने और उनके उपचार की व्यवस्था करने में मदद मिलेगी। बजाज समूह की इस पहल को क्षेत्र में सामाजिक उत्तरदायित्व, जीव दया और गौ संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। औद्योगिक संस्थानों और सामाजिक संगठनों के बीच इस प्रकार का सहयोग स्थानीय स्तर पर जनसेवा के कार्यों को नई गति दे सकता है। गौ सेवा गोविंद सेवा संस्थान और गौ पुत्र सेना के कार्यकर्ताओं ने इस सहयोग के लिए बजाज समूह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आकस्मिक पशु चिकित्सा वाहन के माध्यम से घायल, बीमार एवं असहाय गौवंश की सहायता करने के प्रयासों को और प्रभावी बनाया जाएगा। इस दौरान सीईओ ए.एन. सार, वाइस प्रेसिडेंट राजीव श्रीवास्तव, सीएसआर हेड राजेन्द्र सिंह, हेड ई.एच.एस. दीपक आनंद तथा ए.जे.एम. अनुराग चौबे उपस्थित रहे। वहीं गौ सेवा गोविंद सेवा संस्थान एवं गौ पुत्र सेना की ओर से गौ पुत्र प्रशांत शुक्ला, सचिन जैन, अधिवक्ता पुष्पेंद्र सिंह चौहान, मनीष दुबे, अनुज शर्मा, अभिषेक दुबे, अनुज कांत, सोनू चौबे, अज्जू बाबा, ब्रजेश झा, दीनदयाल विश्वकर्मा, उमेश सुड़ले, सचिन चतुर्वेदी, रविंद्र सिंह, रवि राजा, रवि ठाकुर, दीपक अग्रवाल एवं सतेंद्र सिंह यादव सेतु सहित अनेक गौसेवक उपस्थित रहे।



