
विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी स्वास्थ्य संबंधी सलाह
प्राइवेट स्कूल मैनेजमेंट एसोसिएशन अध्यक्ष अजय श्रीवास्तव ने की पहल की सराहना
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। गोविंद नगर स्थित ए.के.एम. अकेडमी में स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं उनकी टीमों ने 300 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। शिविर के माध्यम से बच्चों, अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने तथा समय पर जांच कराने का संदेश दिया गया। शिविर में शिशु रोग विशेषज्ञ डा.अभ्युदय शर्मा, फिजिशियन डा.विनोद साहू, डा.शाहनवाज खान, एचबीएम हॉस्पिटल नेत्र विशेषज्ञ सुरेश कुमार अपनी टीम के साथ तथा पैथौलॉजिस्ट मनीष पटवारी अपनी टीम के साथ उपस्थित रहे। चिकित्सकों ने लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और उनकी समस्याओं के अनुसार आवश्यक सलाह दी। नेत्र परीक्षण और पैथोलॉजी से संबंधित सेवाओं का भी लाभ लोगों को मिला। प्राइवेट स्कूल मैनेजमेंट एसोसिएशन अध्यक्ष अजय श्रीवास्तव ने स्वास्थ्य शिविर की पहल की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा प्रदान करने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि बच्चों और उनके परिवारों में स्वास्थ्य, स्वच्छता तथा सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूकता विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन बच्चों की बेहतर शिक्षा एवं सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक हैं। निजी विद्यालयों में समय-समय पर ऐसे शिविर आयोजित होने चाहिए, जिनसे विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों और स्थानीय नागरिकों को लाभ मिल सके। विद्यालय प्रबंधक वसीम खजुरिया ने कहा कि स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने का उद्देश्य क्षेत्र के लोगों को चिकित्सकीय सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराना और उन्हें अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग बनाना है। शिक्षा के साथ स्वास्थ्य जागरूकता भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने शिविर में सहयोग देने वाले चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों और सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने भविष्य में भी सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई। शिशु रोग विशेषज्ञ डा.अभ्युदय शर्मा ने कहा कि बच्चों के स्वस्थ विकास के लिए नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, संतुलित पोषण, स्वच्छता और समय पर टीकाकरण बेहद जरूरी हैं। अभिभावकों को बच्चों के स्वास्थ्य में होने वाले असामान्य बदलावों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए और जरूरत पडऩे पर चिकित्सकीय सलाह लेनी चाहिए। वहीं, फिजिशियन डा.विनोद साहू ने कहा कि बदलती जीवनशैली में लोगों को अपने स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, संतुलित आहार, शारीरिक गतिविधियां और समय पर चिकित्सकीय परामर्श कई बीमारियों की पहचान एवं नियंत्रण में सहायक होते हैं। उन्होंने लोगों से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को अनदेखा न करने की अपील की। इस दौरान एसो.महामंत्री धु्रव साहू, पूर्व पार्षद सरफराज खान, पार्षद प्रतिनिधि जज्जू खान, मोहम्मद सगीर, मोहम्मद समीर सहित विद्यालय की प्रिंसिपल शमा खान, संचालक महक जहां, खुशनुमा, रहनुमा, नसरीन बानो, नाहिदा, अक्सा, सबा, इरम, तराना, सलेहा, रविंद्र, रिजवान तथा विद्यालय के अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। सभी के सहयोग से स्वास्थ्य शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।



