शामली
शबरी के प्रेम और राम-सुग्रीव की मित्रता ने मोहा मन, बाली वध का सजीव मंचन
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला, शामली। श्री रामलीला कमेटी मंडप पंचवटी रजि. के तत्वावधान में शनिवार रात आयोजित रामलीला में भक्ति, प्रेम, मित्रता और न्याय से जुड़े प्रसंगों का प्रभावशाली मंचन किया गया। कलाकारों ने माता शबरी के अतिथि सत्कार, भगवान श्रीराम और सुग्रीव की मित्रता तथा बाली वध की लीला को सजीव रूप में प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। रामलीला देखने के लिए कस्बे और आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
मंचन के दौरान दिखाया गया कि माता सीता की खोज में वन-वन भटकते भगवान श्रीराम और लक्ष्मण माता शबरी की कुटिया में पहुंचते हैं। अपने आराध्य को सामने पाकर शबरी भावविभोर हो जाती हैं और श्रद्धा व प्रेम के साथ भगवान श्रीराम को मीठे बेर अर्पित कर उनका स्वागत करती हैं। इसके बाद वह दोनों भाइयों को ऋष्यमूक पर्वत पर रहने वाले सुग्रीव से मिलने की सलाह देती हैं।
आगे की लीला में हनुमान जी भगवान श्रीराम और सुग्रीव का परिचय कराते हैं। सुग्रीव अपने भाई बाली के अत्याचारों और स्वयं के साथ हुए अन्याय की व्यथा श्रीराम को सुनाते हैं। उनकी पीड़ा सुनकर भगवान श्रीराम उन्हें न्याय दिलाने का आश्वासन देते हैं। इसके बाद बाली वध का मंचन किया जाता है और सुग्रीव को उनका अधिकार प्राप्त होता है। कलाकारों के सशक्त अभिनय और प्रभावशाली संवादों ने दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।
रामलीला के साथ आयोजित मेला महोत्सव में भी श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ रही है। लोगों की आवाजाही से मेला परिसर में चहल-पहल बनी हुई है। भीड़ को व्यवस्थित रखने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन सतर्कता बरत रहा है।
इस दौरान कमेटी के प्रबंधक लोकेश गोयल, श्याम कुमार सिंघल, राजीव जैन, प्रमोद शर्मा, तरुण अग्रवाल, सचिन शर्मा, शिवम गोयल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।