शामली

मिठाइयों में मिलावट मिली तो खैर नहीं, खाद्य सुरक्षा विभाग ने दी कार्रवाई की चेतावनी

त्योहारी बाजार में शुद्धता और स्वच्छता पर जोर, रामलीला मेले में बिक रहे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर भी उठे सवाल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला, शामली। त्योहारों के दौरान मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की बिक्री बढ़ने के साथ ही उनकी शुद्धता सुनिश्चित करने की चुनौती भी बढ़ गई है। लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिठाई कारोबारियों को नियमों का पालन करने की हिदायत देते हुए स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों में मिलावट, अस्वच्छता और निर्धारित मानकों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कस्बे की पंजाबी धर्मशाला में खाद्य सुरक्षा विभाग और व्यापार मंडल की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। इसमें अधिकारियों ने मिठाई विक्रेताओं को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। बैठक में सहायक आयुक्त खाद्य पंकज चौधरी, मुख्य खाद्य अधिकारी सैनिक कुमार सिंह तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी कंवरपाल सिंह ने कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा संबंधी नियमों की जानकारी दी।
अधिकारियों ने कहा कि मिठाइयों को स्वच्छ स्थान पर सुरक्षित रखा जाए। नियमानुसार मिठाइयों पर निर्माण तिथि और उपयोग की अंतिम तिथि अंकित की जाए, ताकि ग्राहकों को उनकी गुणवत्ता और उपयोग अवधि की जानकारी मिल सके। पैकबंद खाद्य पदार्थों और बोतलबंद पेय पदार्थों की बिक्री में भी निर्धारित नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वाले विक्रेताओं के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बैठक में व्यापार मंडल के ईश्वर दयाल कंसल और सचिन गोयल भी मौजूद रहे।
खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से निर्देश दिए जाने के बीच कस्बे में मिलावटी मिठाइयों की बिक्री को लेकर शिकायतों की चर्चा भी चिंता का विषय बनी हुई है। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए केवल बैठक तक सीमित रहने के बजाय बाजार में नियमित निरीक्षण और संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच कराना भी जरूरी है।
कस्बे में चल रहे रामलीला मेला महोत्सव में हलवा-पराठे सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों की दुकानें लगी हुई हैं। मेले में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने के कारण खाद्य सामग्री की स्वच्छता और गुणवत्ता सुनिश्चित करना जरूरी है। ऐसे में बाजार के साथ मेला परिसर में बिक रहे खाद्य पदार्थों की भी जांच की आवश्यकता है। अब देखना होगा कि त्योहारों के दौरान लोगों को शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए विभाग की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button