बरेली
चौबारी में बनेगा ई-बस चार्जिंग स्टेशन, 25 बसों के लिए तैयार होगा डिपो

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बरेली। शहर में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन को बेहतर बनाने के लिए चौबारी गांव में 25 बसों की क्षमता वाला चार्जिंग स्टेशन और डिपो बनाया जाएगा। प्रस्तावित 1.28 हेक्टेयर जमीन का बरेली सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एवं उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक मोहम्मद अजीम ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस की ओर से परियोजना प्रबंधक विशाल रुहेला एवं स्थानिक अभियंता कुलदीप गौतम मौजूद रहे।
प्रमुख बातें:
प्रशासन ने चौबारी में 1.28 हेक्टेयर जमीन फाइनल कर सीएंडडीएस को सौंप दी है।
परिसर में 5 चार्जिंग मशीनें लगाने की मंजूरी मिल चुकी है।
पहले 25 बसों के हिसाब से डीपीआर बन रही थी, अब शासन ने 25 और बसों की मंजूरी दे दी है, इसलिए पार्किंग की जगह बढ़ाने के लिए डीपीआर में बदलाव किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान प्रबंध निदेशक ने बसों की आवाजाही के लिए चौड़े रास्ते, जलभराव से बचाव के लिए बेहतर जल निकासी और सोलर पैनल लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्धारित समय में पूरा करने को कहा। फिलहाल डीपीआर शीघ्र ही शासन को प्रेषित की जाएगी l



