टू- – लेन सड़क निर्माण से जाम का स्थायी समाधान सम्भव, ग्रामीण सम्पर्क और विकास को मिलेगा बढ़ावा, रिंग रोड की परिकल्पना हो सकेगा साकार
The construction of a two-lane road offers a permanent solution to traffic congestion, will boost rural connectivity and development, and will enable the realization of the ring road concept.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़- हिरणपुर मुख्य मार्ग के शहरकोल से पाकुड़ मुफस्सिल थाना (जानकीनगर) तक प्रस्तावित सड़क का उच्चस्तरीय दो-लेन सड़क के रूप में निर्माण क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित जनआवश्यकता बन गया है। इस सड़क के निर्माण से पाकुड़ शहर में यातायात का दबाव कम करने, प्रमुख सड़कों पर लगने वाले जाम की समस्या से राहत दिलाने तथा सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम करने में महत्वपूर्ण मदद मिल सकती है। साथ ही यह सड़क पाकुड़ शहर के लिए प्रस्तावित रिंग रोड की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कड़ी साबित हो सकती है। प्रस्तावित सड़क पाकुड़–हिरणपुर मुख्य मार्ग पर शहरकोल स्थित शहरकोल–पियादापुर मार्ग से शुरू होकर महिला कॉलेज, शहरकोल पंचायत, प्रधान टोला, डीपीएस स्कूल तथा पुलिस लाइन- बालियाडांगा के उत्तरी हिस्से से गुजरेगी। इसके बाद चापाडांगा वाया इशाकपुर रेलगेट, बीड़ी अस्पताल (चिमनी भट्ठा) तथा मैदानी इलाकों से जयकिष्टोपुर के दक्षिणी हिस्से से होते हुए पाकुड़ मुफस्सिल थाना के निकट जानकीनगर में पाकुड़–धुलियान पथ तक पहुंचेगी। इस मार्ग के विकसित होने से शहर के विभिन्न इलाकों के बीच सीधा सम्पर्क स्थापित होने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों से जिला मुख्यालय तक आवागमन भी अधिक सुगम हो सकेगा।
जाम की समस्या से मिलेगी राहत, आवागमन होगा सुगम
पाकुड़ शहर में बढ़ते यातायात दबाव के बीच इस वैकल्पिक मार्ग का निर्माण काफी उपयोगी साबित हो सकता है। दो-लेन सड़क तैयार होने से वाहनों को शहर के भीड़भाड़ वाले प्रमुख मार्गों पर निर्भरता कम करने का विकल्प मिलेगा। इससे विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों, श्रमिकों और आम नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ यात्रा का समय बचाने तथा यातायात व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित बनाने में भी मदद मिल सकती है। इसके अलावे सड़क के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों की मुख्यालय से कनेक्टिविटी मजबूत होगी। बेहतर सड़क सम्पर्क से कृषि उत्पादों के परिवहन, व्यापारिक गतिविधियों तथा स्थानीय बाजारों तक पहुंच आसान होने की उम्मीद है। इससे क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने के साथ औद्योगिक इकाइयों के विकास एवं विस्तार की सम्भावनाएं भी मजबूत हो सकती हैं।
रोजगार और आधारभूत संरचना के विकास को मिलेगा प्रोत्साहन
प्रस्तावित सड़क केवल यातायात सुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे क्षेत्र के समग्र विकास से जोड़कर देखा जा रहा है। बेहतर परिवहन व्यवस्था से स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलने, औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार और रोजगार के नये अवसर सृजित होने की सम्भावनाएं हैं। इसके साथ ही पाकुड़ के आर्थिक, सामाजिक एवं आधारभूत संरचनात्मक विकास को भी नई गति मिल सकती है। जनहित से जुड़ी इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधि समेत प्रशासन एवं राज्य सरकार से आवश्यक प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने की अपेक्षा की जा रही है। इसके तहत प्रस्तावित मार्ग का स्थल निरीक्षण, तकनीकी सर्वेक्षण, एलाइनमेंट का निर्धारण, भूमि सम्बन्धी आवश्यकताओं का आकलन तथा विस्तृत प्राक्कलन तैयार कराने की प्रक्रिया प्राथमिकता के आधार पर पूरी किए जाने की आवश्यकता है। क्षेत्र की जरूरतों और भविष्य में बढ़ने वाले यातायात को ध्यान में रखते हुए उच्चस्तरीय दो-लेन सड़क के निर्माण की दिशा में आवश्यक प्रशासनिक एवं तकनीकी कार्रवाई समयबद्ध तरीके से पूरी करना महत्वपूर्ण होगा। यदि इस प्रस्ताव को स्वीकृति मिलती है और निर्माण कार्य आगे बढ़ता है, तो यह सड़क पाकुड़ शहर को जाम की समस्या से राहत दिलाने, ग्रामीण सम्पर्क मजबूत करने तथा क्षेत्र के विकास को नई दिशा देने में अहम भूमिका निभा सकती है। जनहित में सड़क निर्माण की दिशा में स्थानीय जनप्रतिनिधि की भूमिका भी महत्वपूर्ण आयाम स्थापित करेगा।



