
नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़ नगर थाना पुलिस ने एंटी क्राइम वाहन जांच अभियान के दौरान चोरी की हीरो सुपर स्प्लेंडर बाइक के साथ कुलदीप मंडल (26 वर्ष), निवासी शहरकोल, कोयला मोड़, पाकुड़ को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बाइक का पंजीकरण नंबर JH 10CK 1679 बताया है। पुलिस के अनुसार, 20 अक्टूबर को मिली गुप्त सूचना के आधार पर बस स्टैंड के पास वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे बाइक सवार को खदेड़कर पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बाइक को 19 अक्टूबर को अमड़ापाड़ा/लिट्टीपाड़ा क्षेत्र से चोरी करने की बात बताई। मामले में पाकुड़ नगर थाना कांड संख्या 238/2026 के तहत बीएनएस की धारा 317(5) में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध पाकुड़ नगर थाना और हिरणपुर थाना में चोरी सहित अन्य धाराओं के तहत पहले से पांच मामले दर्ज हैं। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर पाकुड़ नगर थाना प्रभारी जॉन मुर्मू के नेतृत्व में की गई। छापेमारी दल में पु.अ.नि. अभिषेक कुमार, मुन्ना प्रसाद, स.अ.नि. अखिलेश राम एवं नगर थाना सशस्त्र बल शामिल थे।



