नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : पशुपालन विभाग ने पशुपालकों से अपील की है कि यदि पशु कई दिनों से बीमार है और उपचार के बावजूद उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हो रहा है, तो उसके रक्त की जांच अवश्य कराएं। पशु का कमजोरी के कारण उठ न पाना या चारा खाने के बाद भी स्वस्थ न होना रक्त परजीवी रोग का संकेत हो सकता है।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा सुभाष चन्द्र पाण्डेय के अनुसार, बीमारी की सही पहचान के लिए समय पर खून की जांच जरूरी है। पशुपालकों को सलाह दी गई है कि वे नजदीकी पशु चिकित्सालय या पशु सेवा केंद्र पर संपर्क कर पशु चिकित्सक की सलाह से उपचार कराएं। इससे समय और धन की बचत के साथ पशु की जान बचाने में भी मदद मिल सकती है।
विभाग ने अधिकारियों, कर्मचारियों और पशु मित्रों से भी पशुपालकों को जागरूक करने की अपील की है, ताकि पशुओं को समय पर सही जांच और उचित उपचार मिल सके।

