पुलिस संस्मरण दिवस पर अमर शहीद पुलिसकर्मियों को दी गई श्रद्धांजलि
Tributes paid to martyred police personnel on Police Commemoration Day

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
रांची। झारखंड। झा०स०पु० -01 के परेड मैदान में ‘पुलिस संस्मरण दिवस’ के अवसर पर गरिमामय परेड का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्र सहित वरीय पुलिस पदाधिकारियों ने कर्तव्य निर्वहन के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण नमन किया। कार्यक्रम के दौरान शहीद पुलिसकर्मियों के अदम्य साहस, वीरता, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा को स्मरण किया गया। देश की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आम नागरिकों की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर पुलिसकर्मियों का बलिदान सदैव राष्ट्र के प्रति समर्पण और सेवा का प्रेरणास्रोत बना रहेगा। इस अवसर पर शहीदों के सर्वोच्च बलिदान के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनके आदर्शों पर चलने तथा राष्ट्र एवं समाज की सेवा के प्रति प्रतिबद्ध रहने का संदेश दिया गया। अमर शहीद पुलिसकर्मियों की वीरता, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा सदैव पुलिस बल सहित समस्त देशवासियों को राष्ट्रसेवा, जनसुरक्षा और अपने कर्तव्यों के प्रति निष्ठावान बने रहने के लिए प्रेरित करती रहेगी।


