परिसीमन से झारखण्ड में बढ़ सकती हैं लोकसभा की 7 और विधानसभा की 41 सीटें, आदिवासी प्रतिनिधित्व पर रहेगी नजर
Delimitation could lead to an increase of 7 Lok Sabha seats and 41 Assembly seats in Jharkhand; the focus will be on tribal representation.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। देश में प्रस्तावित नये परिसीमन के बाद झारखण्ड में लोकसभा की सीटें 14 से बढ़कर 21 और विधानसभा की सीटें 81 से बढ़कर 121 या 122 होने की सम्भावना है। हालांकि, फिलहाल लोकसभा सीटों में वृद्धि के प्रस्ताव को ही केन्द्रीय कैबिनेट की मंजूरी मिली है। इस सम्बन्ध में अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। परिसीमन में अनुसूचित जनजाति (एसटी) का राजनीतिक प्रतिनिधित्व सुरक्षित रखना राज्य के लिए सबसे बड़ी चुनौती होगी। वर्ष 2007 में परिसीमन के दौरान एसटी आरक्षित विधानसभा सीटें 28 से घटाकर 22 और लोकसभा सीटें पांच से घटाकर चार करने का प्रस्ताव आया था, जिसका व्यापक विरोध हुआ था। बाद में केन्द्र सरकार ने कानून में संशोधन कर झारखण्ड में परिसीमन पर रोक लगा दी थी। इधर, मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने परिसीमन और महिला आरक्षण बिल पर चर्चा के लिए शनिवार को झामुमो के सांसदों एवं विधायकों की बैठक बुलाई है। बैठक के बाद पार्टी अपना आधिकारिक रुख स्पष्ट करेगी। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को नेमरा में कहा कि उनकी नजर परिसीमन बिल पर है और झारखण्ड के हितों के साथ कोई समझौता नहीं किया जायेगा।



