
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
साहिबगंज जिले में मानवता की सेवा,जनकल्याण एवं जरूरतमंद मरीजों की जीवन रक्षा के उद्देश्य से गुरुवार को सिद्धो-कान्हू सभागार, साहिबगंज में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कुल 44 यूनिट रक्तदान किया तथा सामाजिक उत्तरदायित्व और मानवीय संवेदना का प्रेरणादायी संदेश दिया।इस अवसर पर उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को रक्तदान के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि रक्तदान एक पुनीत कार्य है, जिसके माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को जीवनदान देने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।उन्होंने सभी से नियमित अंतराल पर स्वेच्छा से रक्तदान करने तथा आमजनों को भी इस पुनीत कार्य के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करने की अपील की।शिविर में स्वास्थ्य विभाग, पहाड़िया कल्याण,समाज कल्याण,विभिन्न प्रखंडों,सहित अन्य विभागों के कर्मियों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर इस मानवीय पहल को सफल बनाया।इस अवसर पर उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा,परियोजना निदेशक,आईटीडीए संजय कुमार दास,सिविल सर्जन डॉ.रामदेव पासवान सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।



