अमरोहा

दौड़ में अल्तमश और आरूषि ने मारी बाजी

कबड्डी में कक्षा पांच के बच्चे रहे अब्बल 

प्राथमिक विद्यालय गुलामपुर में खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन, बच्चों ने उत्साह के साथ किया प्रतिभाग
 नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
 अमरोहा हसनपुर । विकास खंड  गंगेश्वरी के प्राथमिक विद्यालय गुलामपुर में गुरुवार को विद्यालय स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष एवं विद्यालय के प्रधानाध्यापक रामवीर सिंह तथा ग्राम प्रधान राजकुमार सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर प्रधानाध्यापक रामवीर सिंह ने कहा कि खेलकूद बच्चों के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पढ़ाई के साथ खेल भी बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक हैं। विद्यालय स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं से ग्रामीण क्षेत्र की छिपी प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।
बालिका वर्ग में आरूषि और सुहानी रहीं अव्वल
बालिका वर्ग की 50 मीटर दौड़ में कक्षा चार की सुहानी ने प्रथम, आरूषि ने द्वितीय और शिविका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 100 मीटर दौड़ में कक्षा चार की आरूषि प्रथम, कक्षा पांच की अदिति द्वितीय और कक्षा तीन की माही तृतीय स्थान पर रहीं। खो-खो में कक्षा पांच की छात्राओं ने प्रथम तथा कक्षा चार की छात्राओं ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। कबड्डी में कक्षा चार की बालिकाएं प्रथम और कक्षा पांच की बालिकाएं द्वितीय रहीं।
बालक वर्ग की दौड़ में अल्तमश का दबदबा
बालक वर्ग की 50 मीटर दौड़ में कक्षा तीन के अल्तमश ने प्रथम, कक्षा पांच के नितीश ने द्वितीय और कक्षा चार के जीवन ने तृतीय स्थान हासिल किया। 100 मीटर दौड़ में भी अल्तमश प्रथम रहे, जबकि कक्षा पांच के अभिषेक द्वितीय और कक्षा तीन के बिलाल तृतीय स्थान पर रहे। 200 मीटर दौड़ में भी अल्तमश ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। खो-खो में कक्षा चार के बालकों ने प्रथम और कक्षा पांच के बालकों ने द्वितीय स्थान हासिल किया। कबड्डी में कक्षा पांच के बालक विजेता तथा कक्षा चार के बालक उपविजेता रहे।
 इस मौके पर प्रतियोगिता में सहायक अध्यापक अजय सागर, अमित कुमार, मनीष कुमार, रेनू कंसल, संतराम सिंह और राशिद अली सहित अन्य शिक्षकों ने निर्णायक मंडल की भूमिका निभाई। प्रतियोगिता के दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button