गोड्डा
विशेष अभियान 6.0 के अंतर्गत मालदा मंडल द्वारा रेल जन संवाद एवं स्वच्छता गतिविधियों का आयोजन
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
गोड्डा। यात्री-केंद्रित सेवाओं, जनभागीदारी एवं स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करते हुए, पूर्व रेलवे के मालदा मंडल द्वारा विशेष अभियान 6.0 के अंतर्गत मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर ‘रेल जन संवाद’ एवं स्वच्छता संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया गया। विशेष अभियान 6.0 का आयोजन 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य रेल अधिकारियों एवं यात्रियों के बीच प्रत्यक्ष संवाद को बढ़ावा देना, यात्रियों से बहुमूल्य सुझाव एवं प्रतिक्रिया प्राप्त करना तथा स्वच्छ, स्वस्थ एवं यात्री-अनुकूल रेलवे परिसर को प्रोत्साहित करना था।
स्टेशन पर मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता ने इस पहल का नेतृत्व किया। उन्होंने वंदे भारत एक्सप्रेस सहित विभिन्न ट्रेनों से यात्रा करने वाले यात्रियों से संवाद कर यात्री सुविधाओं एवं रेलवे सेवाओं के संबंध में उनकी प्रतिक्रिया प्राप्त की। युवा पीढ़ी तक विशेष रूप से पहुंच बनाते हुए उन्होंने जेनरेशन जेड (Gen Z) के युवा यात्रियों से भी बातचीत की तथा उन्हें स्वच्छता, जिम्मेदार रेल यात्रा और बेहतर यात्री अनुभव सुनिश्चित करने में योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया। भारत स्काउट्स एंड गाइड्स, मालदा के सदस्यों ने भी कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी की। बताया कि विभिन्न स्टेशनों पर ‘रेल जन संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इनमें न्यू फरक्का, धुलियान गंगा, जंगीपुर रोड, चामाग्राम, बड़हरवा, पीरपैंती, कहलगांव, साहेबगंज, शिवनारायणपुर, सबौर, भागलपुर, सुल्तानगंज, जमालपुर, मुंगेर, गोड्डा, बांका, मंदार हिल, हंसडीहा, अभयपुर, तीनपहाड़ एवं राजमहल सहित अन्य स्टेशन एवं हॉल्ट शामिल रहे। इन गतिविधियों का समन्वय मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों, स्टेशन अधीक्षकों, स्टेशन मास्टरों, पर्यवेक्षकों तथा अन्य रेलकर्मियों द्वारा किया गया। ताकि यात्रियों के साथ सार्थक संवाद स्थापित किया जा सके और जनसंपर्क गतिविधियों को प्रभावी बनाया जा सके।
मंडल के विभिन्न क्षेत्रों में चलने वाली ट्रेनों में भी यात्रियों से संवाद किया गया। इस क्रम में ट्रेन संख्या 13016 जमालपुर–हावड़ा कविगुरु एक्सप्रेस में भी यात्रियों से प्रतिक्रिया प्राप्त की गई तथा उन्हें रेलवे की उपलब्ध सुविधाओं, सेवाओं एवं यात्रियों के दायित्वों के प्रति जागरूक किया गया।
इन जनसंपर्क गतिविधियों के साथ-साथ मंडल के विभिन्न स्टेशनों के सर्कुलेटिंग एरिया, प्लेटफॉर्म, कॉनकोर्स क्षेत्र, शौचालयों, वाटर बूथों तथा अन्य यात्री सुविधा स्थलों पर व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से रेल परिसर को स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने तथा रेलकर्मियों के समन्वित प्रयासों और जनभागीदारी के महत्व पर बल दिया गया। मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता ने मीडिया प्रतिनिधियों से भी संवाद किया तथा ‘रेल जन संवाद’ कार्यक्रम के उद्देश्यों एवं महत्व के बारे में जानकारी दी। इस कार्यक्रम का आयोजन पर्यावरण एवं हाउसकीपिंग प्रबंधन (EnHM) विभाग द्वारा मंडल के सभी विभागों के सक्रिय सहयोग एवं समन्वय से किया गया।


