हजारीबाग
सीआईएसएफ ने अवैध कोयला भंडारण का किया भंडाफोड़
156.140 मीट्रिक टन कोयला एवं 02 वे-ब्रिज जब्त।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
हज़ारीबाग़ चरही थाना क्षेत्र में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) की केऔसुब इकाई एनटीपीसी-सीएमपी, हजारीबाग द्वारा अवैध कोयला भंडारण एवं परिवहन के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए हजारीबाग जिले के चरही स्थित 15 माइल के निकट इंदिरा गांव में अवैध रूप से भंडारित 156.140 मीट्रिक टन कोयला एवं 02 वे-ब्रिज जब्त किए गए। यह कार्रवाई क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार पर अंकुश लगाने तथा खनिजों के अवैध भंडारण एवं परिवहन को रोकने के उद्देश्य से की गई।
विश्वसनीय सूत्रों से प्राप्त सूचना के आधार पर दिनांक 23 अक्टूबर 2026 को 1600 बजे से 2300 बजे तक विशेष अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई उप कमांडेंट सुरेश के निर्देशन में तथा सहायक कमांडेंट संजीव कुमार मीणा की उपस्थिति में संपन्न हुई। अभियान के दौरान इंद्रा गांव स्थित अवैध कोयला भंडारण स्थल पर छापेमारी कर बड़ी मात्रा में भंडारित कोयले को जब्त किया गया।
जब्त कोयले को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के लिए 06 हाईवा वाहनों का उपयोग किया गया। केऔसुब बल के सदस्यों की निगरानी एवं सुरक्षा व्यवस्था के बीच कोयले को भंडारण स्थल से निर्धारित सुरक्षित भंडारण क्षेत्र तथा संबंधित कोयला खनन परियोजना के कांटा घर तक पहुंचाया गया। इसके अतिरिक्त,उक्त स्थल पर अवैध रूप से संचालित 02 वे-ब्रिज भी जब्त किए गए। इस कार्रवाई के माध्यम से अवैध रूप से भंडारित कोयले के साथ-साथ उसके भंडारण एवं परिवहन में प्रयुक्त उपकरणों के विरुद्ध भी प्रभावी कदम उठाया गया। इस अभियान में स्थानीय ग्रामीणों से प्राप्त विश्वसनीय सूचनाओं एवं उनके सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रही। ग्रामीणों द्वारा समय-समय पर उपलब्ध कराई जा रही सूचनाएँ क्षेत्र में अवैध कोयला खनन, भंडारण एवं परिवहन जैसी गतिविधियों की पहचान करने तथा उनकी रोकथाम में सहायक सिद्ध हो रही हैं। यह सहयोग सुरक्षा बल एवं स्थानीय समुदाय के बीच बेहतर समन्वय को दर्शाता है।सीआईएसएफ की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध कोयला भंडारण एवं परिवहन में संलिप्त तत्वों के विरुद्ध कड़ा संदेश गया है। केऔसुब इकाई एनटीपीसी-सीएमपी, हजारीबाग औद्योगिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा, कोयला परियोजनाओं की संपत्ति एवं संसाधनों की रक्षा तथा अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए प्रतिबद्ध है। विश्वसनीय सूचनाओं, सतत निगरानी एवं स्थानीय नागरिकों के सहयोग के आधार पर अवैध कोयला कारोबार के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई निरंतर जारी रखी जाएगी।



