बरेली

डॉ. स्तुति और डॉ. स्पर्श को मिला श्रीराम मूर्ति गोल्ड मेडल और 51 हजार का पुरस्कार

13वें दीक्षांत समारोह में 388 विद्यार्थियों को मिली उपाधियां

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। एसआरएमएस इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज, अलाइड एंड हेल्थ केयर साइंसेज और कॉलेज ऑफ नर्सिंग का 13वां दीक्षांत समारोह शनिवार को इंजीनियरिंग कॉलेज के शतक प्रेक्षागृह में हुआ। समारोह में 388 विद्यार्थियों को उपाधियां, मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
एमडी-एमएस के 78, एमबीबीएस के 113, एमएससी आईएएचएस के 13, बीएससी आईएएचएस के 118 और नर्सिंग बीएससी की 66 छात्राओं को डिग्री मिली। 53 मेधावियों को ट्रॉफी और सर्टिफिकेट दिए गए।
टॉपर्स को गोल्ड मेडल
पीजी (2022-25) टॉपर डॉ. स्तुति छाछरिया और एमबीबीएस (2020-25) टॉपर डॉ. स्पर्श सूरी को श्रीराम मूर्ति गोल्ड मेडल के साथ 51-51 हजार रुपये का नकद पुरस्कार मिला। पैरामेडिकल की खुशी बंसल, सायमा बी और नर्सिंग की मोनिका सिंह को 11-11 हजार के साथ गोल्ड मेडल मिला।
इस बार 15 गोल्ड, 3 सिल्वर और 3 ब्रॉन्ज मेडल दिए गए। एमबीबीएस के 26 छात्रों को विषयवार टॉप करने पर प्रशस्ति पत्र मिला।
डिग्रियां एमजेपी रुहेलखंड विवि के कुलपति प्रो. अनिल कुमार राय, एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) डॉ. पवन कपूर और एसआरएमएस ट्रस्ट के संस्थापक चेयरमैन देव मूर्ति जी ने प्रदान कीं।
चेयरमैन का संदेश
देव मूर्ति जी ने कहा कि 1988 में पिता के इलाज के लिए बरेली से बाहर जाना पड़ा था, तभी मेडिकल कॉलेज का संकल्प लिया था। उन्होंने गोल्डन आवर अब गोल्डन मिनट बनने की बात कहते हुए समय पर इलाज और सेवा भाव को चिकित्सक का धर्म बताया।
मुख्य अतिथि ने कहा – ईमानदारी थामे रखें
एयर मार्शल डॉ. पवन कपूर ने कहा कि डिग्री एक पड़ाव है, यात्रा जारी है। 70 फीसदी बीमारियां मरीज की बात सुनने से ही ठीक होती हैं। मां-बाप, शिक्षक और मातृ संस्था को कभी न भूलें। ईमानदारी, सम्मान, प्रतिबद्धता, विनम्रता और निस्वार्थ सेवा को थामे रखें।
कुलपति प्रो. अनिल राय ने कहा कि देश को अच्छे नहीं, महान चिकित्सकों की जरूरत है। अच्छा चिकित्सक बीमारी का इलाज करता है, महान चिकित्सक रोगी की पीड़ा को समझता है। प्रिंसिपल एयर मार्शल डॉ. एमएस बुटोला ने स्वागत किया, वाइस प्रिंसिपल डॉ. रोहित शर्मा ने आभार जताया। संचालन डॉ. आयुषि शुक्ला और डॉ. शिवांगी मिधा ने किया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button