बेतुल
बैतूल मुख्यमंत्री के प्रस्तावित बैतूल दौरे की तैयारियों का अधिकारियों ने लिया जायज
31 अक्टूबर को पुलिस ग्राउंड में होगा तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस वितरण कार्यक्रम, मंच से लेकर हेलीपेड तक की व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 31 अक्टूबर को प्रस्तावित बैतूल दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस वितरण किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए गुरुवार को कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे, पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन और डीएफओ नवीन गर्ग सहित अन्य अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने पुलिस ग्राउंड बैतूल पहुंचकर कार्यक्रम की तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान मंच निर्माण, बैठक व्यवस्था, मंच संचालन, अतिथियों एवं हितग्राहियों के आगमन और निर्गमन सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
हेलीपेड का भी किया निरीक्षण
कार्यक्रम स्थल के निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के आगमन के लिए प्रस्तावित हेलीपेड स्थल का भी अवलोकन किया। इस दौरान प्रोटोकॉल के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश लोक निर्माण विभाग को दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम से संबंधित सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूरी की जाएं, ताकि आयोजन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारियां
निरीक्षण के दौरान कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को उनके दायित्वों की जानकारी देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। प्रशासन द्वारा कार्यक्रम स्थल पर व्यवस्थाओं को व्यवस्थित रखने, अतिथियों एवं हितग्राहियों की सुविधा और सुरक्षा संबंधी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गणेश जायसवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपूसे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




