भरत पुर
भुसावर में अधिकारियों पर चढ़ा एआई का खुमार, शिकायतों के लिए तरस रही आम जनता!
नदबई रेंज के रेंजर के मोबाइल नंबर पर एआई सुविधा चालू होने का दावा, अधिकारी से संपर्क नहीं होने पर लोगों में नाराजगी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
भुसावर। आधुनिक तकनीक जहां आमजन की सुविधाओं को आसान बनाने के लिए इस्तेमाल की जा रही है, वहीं भुसावर उपखंड क्षेत्र में एक अधिकारी के मोबाइल पर एआई सुविधा को लेकर नया मामला सामने आया है। यहां आमजन अपनी समस्याओं और शिकायतों को लेकर संबंधित अधिकारी से संपर्क करने के लिए परेशान हो रहे हैं। लोगों का आरोप है कि नदबई रेंज के रेंजर नरेंद्र सिंह के मोबाइल नंबर पर एआई आधारित सुविधा चालू होने के कारण उनसे सीधे बातचीत करना मुश्किल हो रहा है।
क्षेत्र के लोगों का कहना है कि जब भी वे अपनी समस्याओं अथवा विभाग से जुड़ी शिकायतों को लेकर रेंजर से संपर्क करने का प्रयास करते हैं, तो उन्हें अधिकारी से सीधे बात करने में परेशानी आती है। ऐसे में आमजन अपनी समस्या किसके सामने रखें और शिकायत का समाधान कैसे कराएं, यह बड़ा सवाल बन गया है।
लोगों का कहना है कि सरकारी अधिकारियों का मोबाइल नंबर आमजन की समस्याओं के समाधान और विभागीय संपर्क का महत्वपूर्ण माध्यम होता है। यदि इसी माध्यम से अधिकारी तक अपनी बात पहुंचाना मुश्किल हो जाए तो आमजन की परेशानी बढ़ना स्वाभाविक है।
बताया जा रहा है कि इस संबंध में उच्च अधिकारियों को भी शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन लोगों का आरोप है कि अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। ऐसे में क्षेत्रवासियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
आखिर आमजन अपनी फरियाद किसे सुनाए?
क्षेत्रवासियों ने वन विभाग के उच्चाधिकारियों से मांग की है कि मामले की जांच कराई जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि आमजन संबंधित अधिकारी से सीधे संपर्क कर अपनी शिकायत और समस्याएं दर्ज करा सकें। तकनीक का उपयोग जनता की सुविधा के लिए होना चाहिए, न कि आमजन और अधिकारियों के बीच संवाद में बाधा बनने के लिए।
उक्त मामले को लेकर जिला वनाधिकारी बाला मुरुगन से संपर्क किया तो उन्होंने बताया कि रेंजर ने ए आई एसिस्टेंट क्यों लगा रखा है इसकी जानकारी करेंगे तथा जनता की सुविधा के लिए विभाग द्वारा एक टोल फ्री नंबर भी दे रखा है जिस पर जनता संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज कर सकती है।



