गाजियाबाद

सुशील झा से मारपीट पर भड़के सभासद रामनिवास त्रिपाठी, विपक्षियों को दी चेतावनी

बोले ,प्रवासी समाज के सम्मान से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं, यह बदलाव का दौर है

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

लोनी (गाजियाबाद)। छठ पूजा के दौरान सभासद सुशील झा के साथ हुई मारपीट की घटना को लेकर लोनी में राजनीतिक और सामाजिक हलचल तेज हो गई है। घटना पर कड़ी नाराजगी जताते हुए स्थानीय सभासद रामनिवास त्रिपाठी ने आरोपियों के व्यवहार की निंदा की और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग उठाई। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि प्रवासी समाज और जनप्रतिनिधियों के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली हरकतें किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएंगी।

रामनिवास त्रिपाठी ने कहा कि कुछ लोग अपनी संकीर्ण सोच के चलते क्षेत्र का माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे लोगों को कानून का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार चल रही है और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों को अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि समय बदल रहा है और जनता हर गतिविधि पर नजर रख रही है। आने वाले समय में जनता ऐसे व्यवहार का जवाब देगी।

सभासद ने स्पष्ट किया कि लोनी में मिथिलांचल और पूर्वांचल से आए हजारों परिवार रहते हैं, जो मेहनत और समर्पण के साथ क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास में योगदान दे रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें कई बार बुनियादी सुविधाओं और सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि प्रवासी समाज के अधिकारों, सम्मान और सुरक्षा के लिए हर स्तर पर आवाज उठाई जाएगी।

गौरतलब है कि रामनिवास त्रिपाठी लगातार प्रवासी समाज के लोगों के बीच रहकर उनकी समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने और समाधान कराने का प्रयास कर रहे हैं। वहीं मिथिला सेवा समिति भी सामाजिक एकजुटता, आपसी सहयोग और जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए सक्रिय भूमिका निभा रही है।

मिथिला सेवा समिति के अध्यक्ष राधा रमण झा सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी रामनिवास त्रिपाठी के रुख की सराहना की। समिति के पदाधिकारियों का कहना है कि सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय से प्रवासी समाज की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाया जा सकेगा। स्थानीय लोगों ने भी इस एकजुटता को समाज के सम्मान और अधिकारों की दिशा में सकारात्मक पहल बताया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button