2027 के चुनाव में नए समीकरण बनने के आसार, भाजपा की अंदरूनी खींचतान और रामनिवास त्रिपाठी की दावेदारी भी बढ़ा सकती है मुकाबले का रोमांच
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी (गाजियाबाद)। लोनी विधानसभा क्षेत्र में 2027 के चुनाव से पहले राजनीतिक समीकरण तेजी से बदलते नजर आ रहे हैं। पूर्व ब्लॉक प्रमुख एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य अनिल कसाना के भाजपा छोड़कर समाजवादी पार्टी में शामिल होने से न केवल भाजपा को स्थानीय स्तर पर बडा झटका लगा है, बल्कि सपा में पहले से टिकट की उम्मीद लगाए बैठे नेताओं की राजनीतिक गणित भी प्रभावित होने की संभावना है। राजनीतिक विश्लेषकों की मानें तो अनिल कसाना की सपा में एंट्री से लोनी विधानसभा सीट पर चुनावी मुकाबला पहले के मुकाबले अधिक दिलचस्प हो सकता है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि अनिल कसाना का राजनीतिक अनुभव, ग्रामीण क्षेत्रों में पुराने संपर्क और उनके साथ बड़ी संख्या में समर्थकों का सपा में शामिल होना पार्टी के लिए नई संभावनाएं पैदा कर सकता है। वहीं सपा में लंबे समय से सक्रिय रहकर विधानसभा टिकट की उम्मीद लगाए बैठे पदाधिकारियों और नेताओं के सामने अब नई चुनौती खड़ी हो सकती है। कसाना की एंट्री से टिकट की दावेदारी का समीकरण बदलने और कुछ नेताओं के राजनीतिक मंसूबों पर पानी फिरने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता।
सपा में बढ़ी प्रतिस्पर्धा, पुराने दावेदारों की बढ़ी चिंता
अनिल कसाना का सपा में शामिल होना केवल एक नेता का दल परिवर्तन नहीं, बल्कि 2027 के चुनाव से पहले पार्टी के भीतर नए शक्ति संतुलन की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि यदि कसाना अपने पुराने समर्थकों और ग्रामीण राजनीतिक संपर्कों को सपा के साथ सक्रिय रूप से जोड़ने में सफल रहते हैं तो उनकी दावेदारी को नजरअंदाज करना पार्टी नेतृत्व के लिए आसान नहीं होगा।
हालांकि, सपा में पहले से सक्रिय नेताओं की दावेदारी भी अपनी जगह है। ऐसे में आने वाले दिनों में पार्टी के भीतर टिकट को लेकर प्रतिस्पर्धा बढ़ सकती है। अब देखना होगा कि राष्ट्रीय नेतृत्व पुराने पदाधिकारियों को प्राथमिकता देता है या नए राजनीतिक समीकरणों के आधार पर किसी नए चेहरे पर अपना भरोसा जताता है।
भाजपा में अंदरूनी खींचतान बन सकती है चुनौती
दूसरी ओर लोनी भाजपा में भी अंदरखाने चल रही राजनीतिक खींचतान आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी के लिए चुनौती बन सकती है। अनिल कसाना का भाजपा से अलग होना स्थानीय स्तर पर संगठन और जनप्रतिनिधियों के बीच लंबे समय से सामने आ रहे मतभेदों की कड़ी के रूप में देखा जा रहा है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि भाजपा में समय रहते स्थानीय स्तर पर चल रही नाराजगी और आपसी खींचतान को दूर नहीं कर पाती तो इसका असर चुनावी तैयारियों पर पड़ सकता है। पार्टी के पुराने कार्यकर्ताओं और प्रभावशाली स्थानीय नेताओं के बीच समन्वय की कमी भाजपा के लिए नुकसानदेह साबित हो सकती है। हालांकि, इसका वास्तविक चुनावी प्रभाव आने वाले महीनों में संगठन की रणनीति और जनता के रुख से ही स्पष्ट होगा।
रामनिवास त्रिपाठी की दावेदारी से भाजपा में नया मोड़
लोनी की राजनीति में प्रवासी समाज से जुड़े सभासद रामनिवास त्रिपाठी की विधानसभा टिकट की दावेदारी भी चर्चा का विषय बनी हुई है। रामनिवास त्रिपाठी प्रवासी समाज के साथ-साथ ब्राह्मण समाज से भी आते हैं। ऐसे में उनकी राजनीतिक सक्रियता और विभिन्न सामाजिक वर्गों में संपर्क को लेकर क्षेत्र में चर्चाएं हो रही हैं।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि भाजपा उन्हें संभावित उम्मीदवार के रूप में गंभीरता से देखती है तो लोनी की चुनावी राजनीति में एक नया मोड़ आ सकता है। उनकी दावेदारी से पार्टी के भीतर टिकट के दूसरे इच्छुक नेताओं के समीकरण भी प्रभावित हो सकते हैं। खास बात यह है कि लोनी में स्थानीय और प्रवासी मतदाताओं के बीच राजनीतिक संतुलन साधना भी किसी दल के लिए महत्वपूर्ण चुनौती रहने वाला है।
2027 में दिलचस्प होगा लोनी का चुनावी मुकाबला
फिलहाल लोनी विधानसभा क्षेत्र में तीन प्रमुख राजनीतिक घटनाक्रम चर्चा के केंद्र में हैं। अनिल कसाना का सपा में जाना, भाजपा में अंदरूनी खींचतान और रामनिवास त्रिपाठी की संभावित दावेदारी। इन तीनों घटनाक्रमों ने आगामी चुनाव से पहले राजनीतिक चर्चाओं को तेज कर दिया है।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, 2027 का चुनाव केवल दलों के बीच मुकाबला नहीं होगा, बल्कि स्थानीय नेताओं की स्वीकार्यता, सामाजिक समीकरण, संगठनात्मक एकजुटता और पुराने राजनीतिक संबंधों की भी परीक्षा लेगा। अनिल कसाना सपा में कितनी राजनीतिक ताकत जोड़ पाते हैं, भाजपा अपनी अंदरूनी चुनौतियों को किस तरह संभालती है और रामनिवास त्रिपाठी की दावेदारी किस दिशा में आगे बढ़ती है, यह आने वाले समय में लोनी की चुनावी तस्वीर तय करने वाले अहम पहलू हो सकते हैं।