श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों में तेजी:, उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने दिए आवश्यक निर्देश
Preparations for Shravani Mela 2026 are in full swing, Deputy Commissioner Abhijeet Sinha issued necessary instructions.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
दुमका/बासुकीनाथ। 28 मार्च 2026 शनिवार को आगामी श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अभिजीत सिन्हा, उपायुक्त ने की, जिसमें बासुकीनाथ धाम मेला क्षेत्र में किए जाने वाले विभिन्न कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में उपायुक्त ने शिवगंगा के जल की स्वच्छता बनाए रखने के लिए पंप-इन एवं पंप-आउट प्रणाली लागू करने का निर्देश दिया। साथ ही शिवगंगा में क्षतिग्रस्त सीढ़ियों के शीघ्र निर्माण एवं मरम्मत कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा। उपायुक्त ने श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शिवगंगा के समीप जलार्पण काउंटरों की संख्या बढ़ाने तथा एक अतिरिक्त काउंटर के निर्माण का निर्देश भी दिया। मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए होमगार्ड की नियमित तैनाती सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। इसके अतिरिक्त मेला क्षेत्र में पार्किंग व्यवस्था, सड़क निर्माण एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं को समय रहते दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए, ताकि श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। बैठक में सहायक समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी जरमुंडी तथा विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन द्वारा की जा रही इन तैयारियों को श्रावणी मेला को सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



