पाकुड़

सांसद की अध्यक्षता में दिशा बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा, समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर, विधायक ने की शिरकत, डीसी मनीष के कार्यकाल में चौथी दफा दिशा बैठक

MP chairs Disha meeting to review development plans, emphasize timely implementation, MLA attends, fourth Disha meeting during DC Manish's tenure

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। समाहरणालय सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सांसद राजमहल विजय कुमार हसदा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक का शुभारम्भ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, जबकि अतिथियों का पारंपरिक रूप से शाल एवं पौधा भेंट कर स्वागत किया गया। बैठक में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं के क्रियान्वयन, लंबित परियोजनाओं की प्रगति तथा बुनियादी सेवाओं की उपलब्धता पर विस्तृत समीक्षा की गई। सांसद ने कहा कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने पिछली बैठक के निर्देशों की समीक्षा करते हुए सभी लंबित कार्यों को तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
सड़क, बिजली और स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष फोकस
समीक्षा के दौरान प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराने का निर्देश दिया गया। बिजली विभाग ने जानकारी दी कि जियापानी ग्रिड के 17 टावरों का निर्माण पूरा हो चुका है और जल्द ही परीक्षण के बाद इसे चालू किया जाएगा, जिससे जिले की बिजली समस्या में सुधार होगा। स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान सिविल सर्जन को कार्य में और सुधार लाने के निर्देश दिए गए। शिक्षा विभाग ने बताया कि विद्यालयों में 541 पंखे लगाए जा चुके हैं तथा छात्र-छात्राओं के लिए अलग शौचालयों का निर्माण कराया जा रहा है। सांसद ने सभी थानों में भी महिला एवं पुरुष के लिए पृथक शौचालय निर्माण सुनिश्चित करने को कहा।
कृषि, पेयजल और खेल अवसंरचना पर भी चर्चा
कृषि विभाग द्वारा 375 हेक्टेयर फसल क्षति का प्रतिवेदन भेजे जाने की जानकारी दी गई। साथ ही किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) के अस्वीकृत आवेदनों को सुधार कर पुनः स्वीकृत करने की प्रक्रिया जारी है। सांसद ने अमड़ापाड़ा क्षेत्र में पेयजल समस्या के समाधान के लिए कोल कंपनियों को बोरिंग कराने का निर्देश दिया। इस पर उपायुक्त Manish Kumar ने संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने को कहा। जिला क्रीड़ा पदाधिकारी राहुल कुमार ने बताया कि दुर्गापुर मौजा में प्रखंड स्तरीय स्टेडियम का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिसमें लगभग 25 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। सांसद ने इसे समय सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया और पाकुड़िया एवं महेशपुर में भी स्टेडियम निर्माण के प्रस्ताव की जानकारी दी।
लाभुकों के बीच योजनाओं का वितरण
बैठक के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लाभुकों के बीच स्वीकृति पत्र एवं परिसंपत्तियों का वितरण किया गया। स्वास्थ्य विभाग ने टीबी मरीजों को पोषण किट, समाज कल्याण विभाग ने सेविका-सहायिका को नियुक्ति पत्र, आवास योजना के लाभुकों को चाभी तथा मनरेगा लाभुकों को स्वीकृति पत्र प्रदान किए। इसके अलावा आपूर्ति विभाग द्वारा राशन कार्ड, उद्योग विभाग द्वारा योजनाओं का लाभ, सामाजिक सुरक्षा के तहत पेंशन स्वीकृति पत्र, जेएसएलपीएस द्वारा सामुदायिक निवेश निधि, आईटीडीए द्वारा वन पट्टा एवं छात्रवृत्ति, खेलो इंडिया के खिलाड़ियों को स्पोर्ट्स किट तथा मत्स्य एवं पशुपालन विभाग द्वारा योजनाओं का लाभ वितरित किया गया।
समन्वित प्रयास से विकास को गति देने पर बल
उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि सभी विभाग सांसद के निर्देशों का समयबद्ध और शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता, गुणवत्ता और जवाबदेही के साथ योजनाओं का क्रियान्वयन जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। बैठक में विधायक महेशपुर प्रो. स्टीफन मरांडी, पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी, जिला वन प्रमंडल पदाधिकारी, जिप अध्यक्ष जुली ख्रिष्टमणी हेम्ब्रम, नप अध्यक्ष शबरी पाल, उपाध्यक्ष राणा ओझा, प्रमुख चन्दना माल पहाड़िया, झामुमो जिला अध्यक्ष अजीजुल ईस्लाम, सांसद प्रतिनिधि श्याम यादव, विधायक प्रतिनिधि गुलाम अहमद सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। अंत में सांसद ने निर्देश दिया कि सभी विभाग अगली बैठक से पूर्व दिए गये निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button