सीनियर आईपीएस राजीव कृष्णा को यूपी का पूर्णकालिक डीजीपी नियुक्त करने का आधिकारिक आदेश जारी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लखनऊ : उत्तर प्रदेश सरकार ने 1991 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी राजीव कृष्णा को राज्य का पूर्णकालिक पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) नियुक्त करने का आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है।
श्री कृष्णा, जो पिछले एक वर्ष से कार्यवाहक डीजीपी के रूप में सेवाएं दे रहे थे, अब नियमित रूप से प्रदेश पुलिस का नेतृत्व संभालेंगे। आधिकारिक आदेश जारी होने के साथ ही लंबे समय से चली आ रही कार्यवाहक व्यवस्था समाप्त हो गई है। मुकुल गोयल के हटाए जाने के बाद से यूपी पुलिस कार्यवाहक डीजीपी के भरोसे चल रही थी। इस दौरान बुनियादी पुलिसिंग कार्यों पर असर पड़ने की शिकायतें भी आई थीं। यूपीएससी द्वारा पैनल पर बार-बार स्पष्टीकरण मांगे जाने के कारण स्थायी नियुक्ति में देरी हो रही थी। अब सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद सरकार ने स्थायी डीजीपी नियुक्ति का आदेश जारी किया है।नए पूर्णकालिक डीजीपी राजीव कृष्णा से पुलिस महकमे में व्यावसायिकता बढ़ाने, कानूनी प्रक्रियाओं का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने और बुनियादी दस्तावेजीकरण जैसे गिरफ्तारी मेमो (Arrest Memo) की सही भराई पर विशेष ध्यान देने की अपेक्षा की जा रही है। हाईकोर्ट द्वारा लॉ एंड ऑर्डर मामलों में डीजीपी स्तर के एफिडेविट मांगे जाने जैसी स्थितियों से बचने और पुलिस बल की कार्यक्षमता व विश्वसनीयता बढ़ाने के लिए नई leadership सकारात्मक बदलाव लाएगी, ऐसा माना जा रहा है। यह नियुक्ति प्रदेश की कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।



