ललितपुर

बेटना में किसान पर देर रात हमला, सिर में लगे छर्रे

पुलिस जांच में जुटी, गोली लगने पर संशय

घर के बाहर चबूतरे पर सो रहे किसान को निशाना बनाकर किया गया हमला, परिजनों ने मुंह बांधे युवक को भागते देखा
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। थाना नाराहट क्षेत्र के ग्राम बेटना में शुक्रवार देर रात एक किसान पर हुए रहस्यमय हमले से इलाके में सनसनी फैल गई। घर के बाहर चबूतरे पर सो रहे 55 वर्षीय किसान बृजेंद्र सिंह बुन्देला पुत्र गिरबल सिंह बुन्देला पर अज्ञात हमलावर ने हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गए। परिजनों के अनुसार किसान के सिर में छर्रे लगे हैं, जबकि पुलिस का कहना है कि चिकित्सकीय परीक्षण में गोली लगने की पुष्टि नहीं हुई है। घटना को लेकर पुलिस सभी पहलुओं पर गहन जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार ग्राम बेटना निवासी बृजेंद्र सिंह पुत्र गंधर्व सिंह शुक्रवार रात करीब 11 बजे अपने घर के बाहर चबूतरे पर सो रहे थे। इसी दौरान क्षेत्र की बिजली चली गई और चारों ओर अंधेरा छा गया। आरोप है कि इसी मौके का फायदा उठाकर अज्ञात हमलावर ने उन पर फायर कर दिया। घटना में बृजेंद्र सिंह घायल हो गए और उनके सिर पर चोटें आईं।
घायल किसान ने शोर मचाकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजनों का कहना है कि उन्होंने एक युवक को मुंह पर कपड़ा बांधे हुए घटनास्थल से भागते देखा। इसके बाद घायल को तत्काल बिरधा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज ललितपुर रेफर कर दिया गया। वर्तमान में उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी पाली अजय कुमार तथा थाना नाराहट पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों ने घायल किसान और परिजनों से पूछताछ कर मामले की जानकारी जुटाई।
बृजेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि उनकी किसी से कोई पुरानी रंजिश या दुश्मनी नहीं है और वह हमलावर को पहचान नहीं सके। इससे घटना और अधिक रहस्यमय हो गई है। पुलिस संभावित कारणों और संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
पुलिस बोली- गोली लगने की पुष्टि नहीं
मामले में पुलिस का आधिकारिक बयान भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार, दिनांक 29 मई 2026 को थाना नाराहट क्षेत्र में एक व्यक्ति के गोली मारकर घायल होने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही उच्चाधिकारी एवं थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस का कहना है कि चिकित्सकों द्वारा घायल व्यक्ति के गोली लगने की पुष्टि नहीं की गई है तथा चोटों की प्रकृति सामान्य बताई गई है। पुलिस सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच कर रही है और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गांव में दहशत, जांच रिपोर्ट का इंतजार
घटना के बाद ग्राम बेटना में दहशत का माहौल है। ग्रामीण देर रात हुए इस हमले को लेकर चिंतित हैं। वहीं पुलिस के बयान और परिजनों के दावों में अंतर होने के कारण पूरे मामले की सच्चाई जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस घटना के हर पहलू की पड़ताल में जुटी हुई है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button