बरेली
रोटरी क्लब ऑफ बरेली साउथ का रक्तदान शिविर बना सेवा और समर्पण का महापर्व
105 यूनिट रक्तदान के साथ हुआ सफल आयोजन

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। रोटरी क्लब ऑफ बरेली साउथ द्वारा आईएमए ब्लड बैंक में आयोजित विशाल रक्तदान शिविर मानव सेवा, सामाजिक उत्तरदायित्व और जनकल्याण का प्रेरणादायी उदाहरण बन गया। शिविर में 105 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जो क्लब की सेवा भावना और समाज के प्रति समर्पण का परिचायक है।
रक्तदान शिविर का उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार के वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार तथा कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने फीता काटकर किया। मुख्य अतिथियों का स्वागत क्लब अध्यक्ष संजीव खंडेलवाल एवं सचिव संजय गर्ग ने पटका, मोती माला एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर किया।
इस अवसर पर डॉ. अरुण कुमार ने कहा कि रक्तदान का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए सुरक्षित एवं पर्याप्त रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना है। दुर्घटनाओं, गंभीर बीमारियों, सर्जरी तथा प्रसव जैसी परिस्थितियों में रक्तदान अनेक लोगों के जीवन की रक्षा करता है।
कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने रक्तदाताओं की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदाता वास्तव में समाज के सच्चे नायक हैं। क्लब सचिव संजय गर्ग ने कहा कि एक यूनिट रक्त तीन लोगों का जीवन बचाने में सहायक हो सकता है। रक्तदान न केवल एक महान मानवीय सेवा है, बल्कि यह समाज में सहयोग, संवेदनशीलता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को भी बढ़ावा देता है। कम्युनिटी सर्विस डायरेक्टर राजीव बूबना ने आयोजन की सफलता का श्रेय क्लब के सभी पदाधिकारियों, सदस्यों एवं स्वयंसेवकों की अथक मेहनत और समर्पण को दिया। उन्होंने विशेष रूप से कार्यक्रम संयोजक राकेश धीरवानी, शिशिर पांडे, दिनेश प्रधान, रोहित जिंदल, अचल कुमार एवं वीरेश मित्तल के योगदान की सराहना की।



