हजारीबाग

झपटमारों का कहर जारी 

शंकरपुर चौक पर छात्रा से मोबाइल झपटकर फरार हुए बदमाश, घटना सीसीटीवी में कैद

दिनदहाड़े छात्रा बनी झपटमारों का शिकार, शंकरपुर चौक पर हुई वारदात सीसीटीवी में कैद; पुलिस से कार्रवाई की मांग।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

हजारीबाग जिले में झपटमारी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला कटकमदाग थाना क्षेत्र के शंकरपुर चौक का है, जहां दिनदहाड़े बस का इंतजार कर रही एक छात्रा से स्कूटी सवार दो झपटमार मोबाइल छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और लोगों में आक्रोश का माहौल है। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार खपिया गांव निवासी बबिता कुमारी (पिता- परमेश्वर महतो) सेमेस्टर-4 की इंटरनल परीक्षा देकर कॉलेज से घर लौट रही थीं। परीक्षा समाप्त होने के बाद वह शंकरपुर चौक के समीप वाहन का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान स्कूटी पर सवार दो युवक अचानक पहुंचे और उनके हाथ से मोबाइल झपटकर तेज गति से फरार हो गए। घटना इतनी तेजी से हुई कि छात्रा कुछ समझ पाती, उससे पहले ही बदमाश आंखों से ओझल हो चुके थे। आसपास के लोगों की मदद से काफी खोजबीन की गई, लेकिन झपटमारों का कोई सुराग नहीं मिल सका। पीड़िता के अनुसार झपटे गए मोबाइल का नंबर 7644954441 है तथा मोबाइल रियलमी नारजो (Realme Narzo) मॉडल का था। घटना के बाद छात्रा ने कटकमदाग थाना पहुंचकर लिखित आवेदन दिया है और सनहा दर्ज करते हुए मोबाइल को ट्रेस कर बरामद करने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर और आसपास के इलाकों में झपटमारी की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिससे आम नागरिकों विशेषकर छात्र-छात्राओं और महिलाओं में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की शीघ्र पहचान कर गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है। अब देखना यह होगा कि सीसीटीवी में कैद झपटमारों तक पुलिस कितनी जल्दी पहुंच पाती है और पीड़िता को न्याय दिलाने में कितनी तत्परता दिखाती है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button