कचरे से बजबजा रही नालियाँ, दुर्गन्ध से रहवासी परेशान

सिंगरौली : शहर में 45 वार्ड है इन वार्डो की सफाई व्यवस्था ठेका पर दिया गया है। वार्ड में निगम सफाई की जिम्मेदारी संभाल रहा है। ठेकेदारों व निगम के अफसर को शहर की सफाई व्वस्था से कोई लेना देना नहीं है। निगम की अनदेखी से ऊर्जाधानी मेें गंदगी व बदबू से लोग परेशान हो रहे हैं। गली मोहल्लों में नालियों की भी सफाई नहीं होने से मच्छर सहित अन्य कीटाणु पनप रहे है। पर्याप्त कर्मचारी व पैसा होने के बाद भी सफाई नहीं होने से ठेकादारों के कार्यप्रणाली पर कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्टेडियम तिराहे के पास गंदगी से नालियाँ बजबजा रही नेशनल प्रेस टाइम्स की टीम स्टेडियम तिराहे के पास डॉ एपी पटेल की क्लिनिक के सामने पहुंची यहां पर नालियां बजबजा रही थी। रहवासियों ने बताया कि लंबे समय से नालियों की सफाई नहीं हुई। वहीं आगे बढ़ने पर नाली में गंदा पानी से आसपास क्षेत्र में गंध फैला हुआ था। लोगों ने बताया कि यहां की नालियों की सफ़ाई कई महीनों से नहीं की गयी है। यहीं हाल अन्य वार्ड में देखा गया।
गंदगी व बदबू से लोग परेशान
शहर के कुछ जगहों पर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया तो पाया कि जगह जगह बड़े स्तर पर कचरा डंप है। कचरे की गंदगी से बदबू उठ रहा है। जहां पर कचरा डंप है वैढ़न शहर में शासकीय गर्ल्स महाविद्यालय के पास नाले से गुजरने वाले लोगों को बदबू के बीच आवाजाही करने पड़ रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि यहां पर हमेशा गंदगी पसरी रहती है। बदबू की वजह से राहगीरों के अलावा आसपास के लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
बिलौंजी वार्ड 42 में नालियों में भरा कचरा
वार्ड क्रमांक 42 कलेक्ट्रेट के सामने बिलौंजी मुख्य मार्ग में बनी नालियां कचरे में सराबोर हैं। यहां के व्यापारिरयों ने बताया कि पिछले एक पखवाड़े से नालियों की साफ-सफाई नही हुई है। दरअसल कलेक्ट्रेट के सामने व मेयर बंगले की तरफ जाने वाले सड़क मार्ग के किनारे बनी नालियां इन दिनों कचरे में बजबजा रही हैं। आलम यह है कि इन नालियों की पिछले एक पखवाड़े से साफ-सफाई न होने के कारण नालियां कचरे में सराबोर हैं। यहां के व्यापारी बताते हैं कि नालियों की नियमित साफ-सफाई न होने से मच्छरों का भी आतंक है। पूरे दिन मच्छर आतंक मचाए रहते हैं। व्यापारियों ने यह भी बताया कि नालियां कचरे से सराबोर होने के कारण पानी की निकासी भी नही हो पाता है। जिसके कारण नालियों से बदबू आ रहा है। नालियों की साफ-सफाई के लिए कई बार नगर निगम सिंगरौली के सफाई कर्मियों से कहा जा रहा है, लेकिन सफाई कर्मी अनसुनी कर दे रहे हैं। जिसके चलते नालियां कचरे में पटी हुई हैं और बदबू भी मार रही हैं।
बलियरी इंडस्ट्रियल क्षेत्र में आने वाले रोड का हाल
बलियरी इंडस्ट्रियल क्षेत्र में सड़को पर बहता रहता है पानी जिससे आने जाने वाले लोगो को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। रोड में फैले कचरे व गंदगी से लोगों को मुंह में कपड़ा बांध कर आना जाना पड़ रहा था। वहीं रोड़ में कचरा होने से हादसे का भी खतरा है। पास के दुकान संचालकों ने बताया कि यहां पर सप्ताहभर के कचरा जाम है और सफाई नहीं हुई है।
स्टेडियम चौक के पास हमेशा कचरा जमा रहता है कचरे से उठने वाली बदबू से काफी परेशानी होती है। निगम प्रशासन को सफाई कराने की जरुरत है। -नरेंद्र गुप्ता शहरवासी
शहर में सफाई व्यवस्था की बुरी स्थिति है। सफाई कर्मी आधा अधूरा सफाई कर लौट जाते है। मोहल्ले व चौक चौराहों में गंदगी से बदबू आती है। -पवन सिंह , शहरवासी