
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। माड़ा वन परिक्षेत्र के अंतर्गत रात्रिकालीन गश्त के दौरान वन विभाग की टीम ने अवैध लकड़ी परिवहन के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए दो मोटरसाइकिलों सहित अवैध लकड़ी जब्त की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वन परिक्षेत्र अधिकारी के निर्देशन में बीट गार्ड मालगो द्वारा रात्रि गश्त के दौरान दो मोटरसाइकिलों पर अवैध रूप से लकड़ी का परिवहन करते हुए संदिग्ध व्यक्तियों का पीछा किया गया। वन अमले की सक्रियता देखकर आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। भागते समय वे दोनों मोटरसाइकिलें और उन पर लदी लकड़ी छोड़ गए।
वन विभाग ने मौके से दोनों मोटरसाइकिलों एवं अवैध लकड़ी को विधिवत जब्त कर सुरक्षित रूप से नाका मिठुल में रखवाया। साथ ही आरोपियों के विरुद्ध वन अपराध प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
वन परिक्षेत्र अधिकारी के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जंगलों की सुरक्षा और अवैध वनोपज परिवहन पर रोक लगाने के लिए रात्रि गश्त और सघन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।



