
सांसद अरुण गोविल बोले— प्रतिभा, संस्कार और अनुशासन ही उज्ज्वल भविष्य की पहचान
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मेरठ। मवाना रोड स्थित एमआईईटी पब्लिक स्कूल में मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान एवं प्रोत्साहन के उद्देश्य से छात्रवृत्ति वितरण एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मेरठ-हापुड़ लोकसभा सांसद अरुण गोविल, स्कूल चेयरमैन विष्णु शरण, वाइस चेयरमैन गौरव अग्रवाल, स्कूल मैनेजर बरखा अग्रवाल तथा प्रधानाचार्या रूपाली सहगल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
अपने संबोधन में सांसद अरुण गोविल ने कहा कि प्रतिभा का सम्मान समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। उन्होंने विद्यार्थियों से केवल परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन तक सीमित न रहकर नैतिक मूल्यों, अनुशासन और निरंतर सीखने की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने पढ़ाई के साथ खेलकूद को भी आवश्यक बताते हुए विद्यार्थियों को रामायण पढ़ने और जीवन में उच्च आदर्शों को अपनाने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर उन्होंने मेधावी छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति के चेक प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय की ओर से कक्षा 10वीं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 23 विद्यार्थियों को 11वीं एवं 12वीं की फीस में विशेष छात्रवृत्ति प्रदान की गई। इस वर्ष विद्यालय ने कुल 13 लाख 34 हजार रुपये की छात्रवृत्ति वितरित कर मेधावी विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों का सम्मान किया।
समारोह में कक्षा 10वीं के 10 तथा कक्षा 12वीं के 6 ऐसे विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया, जिन्होंने विभिन्न विषयों में 100 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों में कक्षा 10वीं के प्रथम स्थान पर स्वर्थ सत्संगी, द्वितीय स्थान पर ईशान कुमार दक्ष तथा तृतीय स्थान पर आदित्य देव को स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। वहीं कक्षा 12वीं में विज्ञान संकाय के टॉपर यथार्थ सिंह, मानविकी की टॉपर दिव्यांशी खरी तथा कॉमर्स के टॉपर कुशाग गोयल को भी सम्मानित किया गया।
विद्यालय ने केवल बोर्ड परीक्षाओं के मेधावियों ही नहीं, बल्कि कक्षा 1 से 9 तक प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया। साथ ही एमआईईटी ओलंपियाड के आठ विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि ओलंपियाड के प्रश्नपत्र आईआईटी के विशेषज्ञ फैकल्टी द्वारा तैयार किए गए थे, जिससे विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा का अनुभव प्राप्त हुआ।
अनुशासन एवं नियमित उपस्थिति को प्रोत्साहित करने के लिए कक्षा 5 के दिव्य चौधरी एवं कक्षा 7 के अथर्व त्यागी को 100 प्रतिशत उपस्थिति पुरस्कार प्रदान किया गया, जबकि 100 प्रतिशत टीचर अटेंडेंस अवार्ड से प्रीति कथूरिया को सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान विद्यार्थियों की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले छह शिक्षकों को टीचर्स एकेडमिक एक्सीलेंस अवार्ड से भी सम्मानित किया गया, जिनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने बोर्ड परीक्षाओं में विभिन्न विषयों में शत-प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
इस अवसर पर डॉ. हिमांशु शर्मा, श्रींजॉय बनर्जी, अजय चौधरी, एकता सक्सेना, सोनिका, विवेक, परिधि, सोनिया, नितिन भटनागर, अनुज एवं बिट्टू का विशेष सहयोग रहा।




