बागपत
10वीं के छात्र का 28 घंटे बाद पानी में मिला शव
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बागपत। क्षेत्र के मूलसम गांव में 10वीं कक्षा के छात्र छोटू पुत्र देवेंद्र का शव घर से लापता होने के करीब 28 घंटे बाद गांव के एक ईंट भट्ठे के पसार में भरे पानी से बरामद होने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। इस दर्दनाक घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, जबकि गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए गांव के ही कुछ लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर देकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
परिजनों के अनुसार, 14 जुलाई को दोपहर करीब 12 बजे छोटू घर से निकला था। वह गांव में ही अपने ताऊ के घर करीब तीन घंटे तक रुका रहा। इसके बाद दोपहर करीब साढ़े तीन बजे वह गांव के एक दुकानदार से मिला और वहां से कुछ सामान भी खरीदा। इसके बाद वह अचानक लापता हो गया।
परिजनों ने बताया कि छोटू का मोबाइल फोन काफी देर तक चालू रहा और उस पर घंटी भी जाती रही, लेकिन उसने किसी की कॉल रिसीव नहीं की। जब देर शाम तक वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के गांवों में उसकी तलाश शुरू कर दी। ग्रामीणों के सहयोग से लगातार खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
15 जुलाई की शाम करीब 7 बजे ग्रामीणों ने सूचना दी कि गांव के पास स्थित ईंट भट्ठे के पसार में भरे पानी में एक शव तैरता हुआ दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान 10वीं के छात्र छोटू के रूप में की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि गांव के ही कुछ लोगों ने पहले छोटू को जान से मारने की धमकी दी थी। उनका कहना है कि शव पर चोट के निशान तथा जलने जैसे निशान भी दिखाई दिए हैं, जिससे उन्हें आशंका है कि छात्र की हत्या कर शव को पानी में फेंका गया। परिजनों ने संबंधित लोगों को नामजद करते हुए पुलिस को तहरीर सौंप दी है और निष्पक्ष जांच के साथ आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। एक होनहार छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से हर कोई स्तब्ध है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।



