अमित अग्रवाल ने ऋतुराज फाउंडेशन को दान में दी एंबुलेंस।
नवजात शिशुओं से लेकर वयस्क मरीजों तक के लिए उपलब्ध रहेंगी जीवनरक्षक सुविधाएं।

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
धमतरी। शहर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। अब गंभीर मरीजों को वेंटिलेटर एम्बुलेंस के लिए दूसरे शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। भगवान श्री जगन्नाथ रथ यात्रा के पावन अवसर पर समाजसेवी अमित अग्रवाल द्वारा जनसेवा के उद्देश्य से अत्याधुनिक वेंटिलेटर एम्बुलेंस “श्री श्याम रथ” समर्पित की गई। राष्ट्रीय गौशाला, जनकपुर परिसर में विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर एम्बुलेंस का शुभारंभ किया गया। इसके संचालन की जिम्मेदारी ऋतुराज फाउंडेशन को सौंपी गई है। यह एम्बुलेंस आधुनिक जीवनरक्षक उपकरणों से सुसज्जित है। इसमें वेंटिलेटर, ऑक्सीजन सपोर्ट, इमरजेंसी मेडिकल सिस्टम सहित गंभीर मरीजों के उपचार के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि इसमें नवजात एवं छोटे बच्चों के लिए भी विशेष वेंटिलेटर सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जो धमतरी जिले में पहली बार उपलब्ध होगी। अमित अग्रवाल ने बताया कि धमतरी में सामान्य एम्बुलेंस तो उपलब्ध थीं, लेकिन वेंटिलेटर एम्बुलेंस का अभाव था। गंभीर मरीजों को रायपुर या अन्य शहरों से महंगी कीमत पर वेंटिलेटर एम्बुलेंस बुलानी पड़ती थी, जिससे समय और धन दोनों की बड़ी हानि होती थी। उन्होंने कहा कि यह एम्बुलेंस जरूरतमंदों के लिए निशुल्क तथा अन्य सेवाओं के लिए न्यूनतम शुल्क पर उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने इसे “ICU ऑन व्हील्स” बताते हुए कहा कि इसका उद्देश्य केवल जनसेवा है।
ऋतुराज फाउंडेशन के ऋतुराज पवार ने बताया कि यह एम्बुलेंस धमतरी शहर के भीतर विभिन्न अस्पतालों के बीच गंभीर मरीजों के स्थानांतरण के लिए निशुल्क उपलब्ध रहेगी।



