बहराइच
भाजपा नेता अखंड प्रताप सिंह व उनके सहयोगी को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस जांच में जुटी
महसी विधायक सुरेश्वर सिंह के पुत्र अखंड प्रताप सिंह को पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बहराइच। सोशल मीडिया पर भाजपा नेता अखंड प्रताप सिंह उर्फ गोलू एवं उनके सहयोगी धीरेंद्र प्रताप सिंह को धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि फेसबुक पर एक व्यक्ति ने पाकिस्तान का समर्थन करते हुए न केवल दोनों को, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश के हिंदुओं और भाजपा समर्थकों को बम से उड़ाने की धमकी दी। मामले में हरदी थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की गई है।
धीरेंद्र प्रताप सिंह पुत्र शिवविरेंद्र सिंह, निवासी ग्राम चौकसाहार, थाना खैरीघाट ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह मोबाइल नंबर 9793666563 से अपना फेसबुक अकाउंट संचालित करते हैं। 23 जुलाई 2026 को उनके फेसबुक अकाउंट पर लगी प्रोफाइल फोटो में उनके साथ महसी विधायक सुरेश्वर सिंह के पुत्र एवं भाजपा नेता अखंड प्रताप सिंह उर्फ गोलू की तस्वीर भी थी।
आरोप है कि इसी पोस्ट पर ‘शहनशाह आलम शाह सपा, जलालपुर, जिला अंबेडकर नगर’ नाम से संचालित फेसबुक अकाउंट से बेहद आपत्तिजनक और धमकी भरी टिप्पणी की गई। टिप्पणी में कथित तौर पर पाकिस्तान का समर्थन करते हुए लिखा गया कि पाकिस्तान से बम मंगाकर पूरे उत्तर प्रदेश के हिंदुओं और भाजपा समर्थकों को निशाना बनाया जाएगा। साथ ही चुनौतीपूर्ण भाषा का प्रयोग करते हुए कहा गया कि उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता और यदि उसके खिलाफ कार्रवाई हुई तो पूरा पाकिस्तान उसके साथ खड़ा होगा।
धीरेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि इस टिप्पणी के बाद उन्हें अपनी तथा भाजपा नेता अखंड प्रताप सिंह की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता है। उन्होंने पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
बताया जा रहा है कि भाजपा नेता अखंड प्रताप सिंह को इससे पहले भी कई बार सोशल मीडिया के माध्यम से धमकियां मिल चुकी हैं। ऐसे में इस नई घटना को गंभीरता से देखा जा रहा है।
थाना प्रभारी हरदी आलोक सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।




