कबड्डी खिलाड़ी हत्याकांड में छठे आरोपी की निशानदेही पर तमंचा बरामद
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। थाना क्षेत्र के नाला-ककड़ीपुर रजवाहा पटरी पर कबड्डी खिलाड़ी मोनू उर्फ गोलू हत्याकांड में पुलिस ने छठे आरोपी को आठ घंटे की पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की। आरोपी की निशानदेही पर नाला के समीप ट्यूबवेल के नीचे दबाकर रखा गया तमंचा और दो कारतूस बरामद किए गए।
बागपत के गांव ककड़ीपुर निवासी मोनू उर्फ गोलू की एक अगस्त की सुबह गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उसका शव नाला के समीप गन्ने के खेत में पड़ा मिला था। मृतक के पिता सुरेंद्र की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। छठे आरोपी विशाल निवासी सिसौली, मुजफ्फरनगर ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया था। रिमांड के दौरान उसकी निशानदेही पर तमंचा और दो कारतूस बरामद हुए। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर वापस जेल भेज दिया गया।