हापुड़ पुलिस का मानवीय चेहरा: महिला थानाध्यक्ष ने बुजुर्ग महिला को सड़क पार कराई
तहसील चौपला पर ट्रैफिक के बीच मदद को बढ़े हाथ, इंस्पेक्टर अरुणा राय की संवेदनशील पहल की लोगों ने की सराहना

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हापुड़। पुलिस की पहचान अक्सर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने वाली संस्था के रूप में होती है, लेकिन हापुड़ में पुलिस का एक ऐसा मानवीय चेहरा सामने आया, जिसने लोगों का दिल जीत लिया। गुरुवार को तहसील चौपला पर महिला थानाध्यक्ष अरुणा राय ने सड़क पार करने में परेशान एक बुजुर्ग महिला की मदद कर मिसाल पेश की।
दरअसल, हापुड़ की व्यस्त सड़कों पर दिनभर वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। इसी दौरान तहसील चौपला पर एक बुजुर्ग महिला सड़क पार करने के लिए काफी देर तक असमंजस की स्थिति में खड़ी दिखाई दी। महिला के हाथ में सामान का थैला भी था और तेज यातायात के कारण वह सड़क पार करने में हिचक रही थी।
इसी बीच वहां मौजूद महिला थानाध्यक्ष अरुणा राय की नजर बुजुर्ग महिला पर पड़ी। उन्होंने स्थिति को समझते हुए तत्काल उसकी मदद करने का निर्णय लिया। महिला थानाध्यक्ष अरुणा राय ने बिना किसी झिझक के बुजुर्ग महिला के हाथ से सामान का थैला अपने हाथ में ले लिया और उसे सुरक्षित तरीके से सड़क पार कराई।
महिला थानाध्यक्ष की इस पहल में पुलिस की वर्दी के साथ-साथ संवेदनशीलता और मानवीयता का भाव भी साफ दिखाई दिया। सड़क पार कराने के बाद बुजुर्ग महिला ने राहत महसूस की। मौके पर मौजूद लोगों ने भी पुलिस अधिकारी के इस व्यवहार को देखा और उनकी जमकर सराहना की।
स्थानीय लोगों का कहना था कि पुलिस का यह व्यवहार जनता और पुलिस के बीच विश्वास को मजबूत करता है। आमतौर पर पुलिस को लेकर लोगों के मन में सख्त छवि रहती है, लेकिन इस तरह की छोटी-सी मानवीय पहल यह संदेश देती है कि पुलिस जरूरत के समय आम नागरिक की मदद के लिए भी तत्पर रहती है।
हापुड़ पुलिस की महिला थानाध्यक्ष अरुणा राय की इस संवेदनशील पहल की क्षेत्र में चर्चा रही। लोगों ने कहा कि वर्दी के साथ जिम्मेदारी निभाने के अलावा किसी जरूरतमंद की मदद के लिए आगे आना पुलिस के मानवीय पक्ष को दर्शाता है। महिला थानाध्यक्ष के इस कार्य की जनता द्वारा सराहना एवं प्रशंसा की गई।




