शामली

क्लीनिक में हमला, अब हत्या का डर! चिकित्सक परिवार को सता रहा अंकित बालियान हत्याकांड जैसा खौफ

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

चौसाना। कस्बे के मुख्य बाजार स्थित एक क्लीनिक में घुसकर बच्चों के चिकित्सक के साथ मारपीट के मामले में घटना के पांच दिन बाद भी आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी नहीं होने से परिजनों में नाराजगी है। परिजनों ने चिकित्सक की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताते हुए हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड जैसी घटना की आशंका जताई है। हालांकि पुलिस मामले में कार्रवाई किए जाने की बात कह रही है।
बीते 25 अगस्त को चौसाना के मुख्य बाजार में बड़े मदरसे के निकट स्थित चिकित्सक के क्लीनिक में नकाबपोश करीब आधा दर्जन युवकों ने घुसकर चिकित्सक राशिद अली पुत्र अब्दुल सत्तार, निवासी ग्राम अजीजपुर, के साथ मारपीट की थी। पूरी घटना क्लीनिक में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी। घटना के बाद व्यापारियों ने विरोध जताया, जिसके बाद पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज किया था।
परिजनों का आरोप है कि घटना के पांच दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी नहीं कर सकी है। उनका कहना है कि घटना के बाद से चिकित्सक और उसका परिवार दहशत में है। सुरक्षा की चिंता के कारण चिकित्सक घर से बाहर निकलने से भी बच रहा है। मरीजों के फोन आने पर भी चिकित्सक को मजबूरी में क्लीनिक नहीं आने की बात कहनी पड़ रही है।
परिजनों ने यह भी दावा किया कि घटना से करीब एक सप्ताह पहले कुछ बाइक सवार युवकों ने चिकित्सक को जंगल के रास्ते में रोककर वारदात करने का प्रयास किया था। राहगीरों की आवाजाही के कारण उस समय चिकित्सक बच गया। चिकित्सक के परिजनों ने सुरक्षा को लेकर सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर पुलिस से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और चिकित्सक को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button