शामली

चौसाना में बदमाशों का आतंक, किसान के खेत से ट्रांसफार्मर उतारकर कीमती सामान चोरी

लगातार चोरी की घटनाओं से किसानों और व्यापारियों में रोष, पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
चौसाना। गंगारामपुर गांव में बदमाश किसान के खेत से 25 एचपी का ट्रांसफार्मर खंभे से नीचे उतारकर उसमें से कीमती सामान चोरी कर ले गए। शनिवार को खेत पर पहुंचे किसान को घटना की जानकारी हुई। सूचना पर विद्युत विभाग के अधिकारियों और पुलिस को मामले से अवगत कराया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।
चौसाना चौकी क्षेत्र के गांव गंगारामपुर निवासी प्रमोद कुमार पुत्र सुखबीर सिंह के खेत में लगा 25 एचपी का ट्रांसफार्मर शुक्रवार रात बदमाशों ने खंभे से नीचे उतार लिया। इसके बाद ट्रांसफार्मर को खोलकर उसमें लगी कीमती मशीनरी और अन्य सामान निकालकर ले गए। शनिवार को प्रमोद कुमार खेत पर पहुंचे तो ट्रांसफार्मर गायब मिला। मौके पर केवल उसका खोल पड़ा हुआ था।
किसान ने तत्काल पुलिस और विद्युत विभाग के अधिकारियों को घटना की सूचना दी। सूचना मिलने पर चौसाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित की ओर से पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है।
किसानों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं। किसानों के अनुसार गुरुवार रात भी गंगारामपुर में तीन ट्यूबवेलों से केबल चोरी किए गए थे। इस मामले में चौसाना पुलिस चौकी पर मुकदमा दर्ज कराया गया है, लेकिन अभी तक आरोपियों का पता नहीं चल सका है।
इसके अलावा शुक्रवार को चौसाना में एक व्यापारी की दुकान से दिनदहाड़े बैटरी चोरी होने की घटना सामने आई थी। वहीं 25 अगस्त को एक चिकित्सक के क्लीनिक पर बाइक सवार युवकों द्वारा मारपीट किए जाने का मामला भी सामने आया था। लगातार हो रही घटनाओं को लेकर किसानों और व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है।
“चोरी की घटनाएं मेरे संज्ञान में नहीं हैं। सभी चोरियों की जानकारी की जाएगी। मैं तीन दिनों से लगातार बाहर हूं। जल्द ही जानकारी कर उचित कार्रवाई कराई जाएगी।”
हेमंत कुमार, सीओ कैराना
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button