शामली

शामली में सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड

शूटरों की शिनाख्त 'आर्यन और सत्यम' के रूप में, करनाल से शामली तक का रूट और 1 घंटा 13 मिनट की टाइमलाइन बेनकाब

 यूपी, हरियाणा, दिल्ली और पंजाब पुलिस की संयुक्त दबिश जारी; डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा- होगी नजीर बनने वाली कार्रवाई, भूपेंद्र ढींगरा के बाद अब गैंग लिंक पर टिकी नजरें
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली – हरियाणवी सिंगर और यूट्यूबर अंकित बालियान (32) की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस की जांच के बाद कई बड़े और अहम खुलासे हुए हैं। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ के आधार पर वारदात को अंजाम देने वाले चार में से दो प्रमुख शूटरों की शिनाख्त ‘आर्यन’ और ‘सत्यम’ के रूप में कर ली है, जो हरियाणा के करनाल के रहने वाले बताए जा रहे हैं। इस हत्याकांड में लॉरेश बिश्नोई और गोगी गैंग के कनेक्शन की आशंका जताई जा रही है, जिसके बाद उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और दिल्ली की पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस द्वारा खंगाले गए 80 से अधिक सीसीटीवी कैमरों और 14 प्रमुख स्थानों के फुटेज से शूटरों की आवाजाही की पूरी क्रोनोलॉजी सामने आ गई है। फुटेज के मुताबिक बदमाश करनाल से चलकर महज 1 घंटा 13 मिनट में वारदात स्थल तक पहुंच गए थे:
शाम 3:54 बजे: बदमाश करनाल के महाराणा प्रताप चौक पर कैमरे में कैद हुए।
शाम 3:56 बजे: नमस्ते चौक पर उनकी मौजूदगी मिली।
शाम 4:13 बजे: मिल रोड कंट्रोल रूम के कैमरे में नजर आए।
शाम 4:26 बजे: हरियाणा बॉर्डर चौकी के पास पहुंचकर बदमाशों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए कपड़े बदले।
शाम 4:39 बजे: यूपी सीमा में प्रवेश करते हुए पटनी टोल टैक्स पर कैमरे में दिखाई दिए।
शाम 4:54 बजे: शामली के विजय चौक पर उनकी लोकेशन मिली।
शाम 5:07 बजे: फव्वारा चौक और फूल मार्केट होते हुए बदमाश आर्यपुरी नाला पटरी स्थित घटनास्थल पर पहुंच गए।
जिम के बाहर डेढ़ घंटे इंतजार और रेकी:
बदमाशों ने जिम के सामने कनिका कॉम्प्लेक्स के पास नाला पटरी पर अपनी बाइकें खड़ी की थीं, जहां से जिम का गेट साफ नजर आता था। हत्यारे करीब एक घंटा 38 मिनट तक अंकित के जिम से बाहर निकलने का इंतजार करते रहे और जैसे ही 26 अगस्त की शाम करीब 6:45 बजे अंकित बाहर आए, उन्हें गोलियों से भून दिया गया। वारदात को अंजाम देने के बाद शूटर बड़ौत-बागपत और गौरीपुर मोड़ के रास्ते सोनीपत की तरफ फरार हो गए।
पुलिस जांच और राजनीतिक बयान:
हत्याकांड की जिम्मेदारी लेने वाला भूपेंद्र ढींगरा पहले ही अपने बयान से पलट चुका है और सोशल मीडिया पर सफाई दे चुका है। वहीं, इस हाई-प्रोफाइल मर्डर पर प्रतिक्रिया देते हुए उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने स्पष्ट किया है कि आरोपियों के खिलाफ ऐसी सख्त कार्रवाई की जाएगी जो एक मिसाल बनेगी। उन्होंने समाजवादी पार्टी को इस मामले में राजनीति न करने की सलाह दी है।
एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि वायरल फोटो और संदिग्ध नामों की सत्यता की जांच की जा रही है, और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button