नाबालिग को शादी का झांसा देकर ब्लैकमेल करने वाला आरोपित गिरफ्तार
फ़ोटो के जरिए धमकाने का भी आरोप, घर से नाबालिग के चले जाने के मामले में दर्ज हुआ था मुकदमा
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। नाबालिग बालिका को शादी का झांसा देकर फोटो के माध्यम से ब्लैकमेल और धमकी देने के मामले में कैराना पुलिस ने वांछित आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से मोबाइल फोन बरामद किया है। आरोपित के विरुद्ध बीएनएस की संबंधित धाराओं और पोक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है।
पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त को कैराना क्षेत्र में एक नाबालिग बालिका के घर से चले जाने के बाद स्वजन ने थाने में तहरीर दी थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर बालिका की तलाश और मामले की जांच शुरू की। शादी का झांसा देकर संपर्क करने का आरोप है।
जांच के दौरान आरोपित अमित कुमार पुत्र जयभगवान निवासी ग्राम घिस्सुगढ़, थाना कैराना का नाम सामने आया।आरोप है कि अमित कुमार नाबालिग से फोन पर संपर्क करता था और उसे शादी का झांसा देता था। पुलिस के मुताबिक, आरोपित पर नाबालिग की फोटो के माध्यम से ब्लैकमेल करने और धमकी देने के भी आरोप हैं। मामले में वांछित आरोपित की गिरफ्तारी के लिए कैराना पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। मंगलवार को पुलिस टीम ने आरोपित अमित कुमार को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से ओपो रेनो-11 मोबाइल फोन बरामद हुआ। पुलिस ने मोबाइल को मामले की जांच में महत्वपूर्ण बरामदगी बताया है।पुलिस के अनुसार, मामले में मुकदमा अपराध संख्या 558/2026 के तहत बीएनएस की धारा 137(2), 351(3), 70(2), 64(2)डी तथा पोक्सो एक्ट की धारा 3/4 में कार्रवाई की गई है। आरोपित की गिरफ्तारी और बरामदगी के बाद पुलिस ने अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

