ललितपुर
पुलिस लाइन में धूमधाम से मनी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी
भजन-कीर्तन व सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां

राज्यमंत्री मनोहरलाल ने किया दीप प्रज्ज्वलित, नपाध्यक्ष सोनाली जैन रहीं विशिष्ट अतिथि
एसपी संजीव कुमार बाजपेई ने सपरिवार लिया जन्मोत्सव में हिस्सा
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर रिजर्व पुलिस लाइन स्थित मंदिर में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का वातावरण देखने को मिला। जन्माष्टमी के अवसर पर पुलिस लाइन परिसर में विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में राज्यमंत्री मनोहरलाल तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष सोनाली जैन मौजूद रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा विधि-विधान से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित विभिन्न सांस्कृ़तिक कार्यक्रमों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। भजन-कीर्तन एवं धार्मिक प्रस्तुतियों से पूरा पुलिस लाइन परिसर भक्तिमय हो उठा। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। एसपी संजीव कुमार बाजपेई ने सपरिवार रिजर्व पुलिस लाइन स्थित मंदिर पहुंचकर श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के भजन-कीर्तन में सहभागिता की। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर जन्माष्टमी महोत्सव को हर्षोल्लास के साथ मनाया। एसपी ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिजनों सहित जनपदवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। जन्माष्टमी के अवसर पर पुलिस लाइन मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर पुलिस परिवारों में खासा उत्साह नजर आया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान कलाकारों ने भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं एवं भक्ति से जुड़े कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिससे वातावरण पूरी तरह कृष्णमय हो गया। कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने भी भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं उनके संदेश को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया। देर तक चले धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन में पुलिस परिवारों और उपस्थित श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया तथा भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा।



