किवाना मार्ग पर सड़क किनारे खड़े बाइक सवार को मारी टक्कर, घायल
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। थाना क्षेत्र के किवाना मार्ग पर सड़क किनारे बाइक खड़ी कर फोन पर बात कर रहे युवक को पीछे से आए बाइक सवार ने टक्कर मार दी। हादसे में युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गया। परिजनों ने उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया।
गांव किवाना निवासी हाशिम ने बताया कि वह बाइक से कांधला की ओर आ रहा था। रास्ते में फोन आने पर उसने बाइक सड़क किनारे रोक दी और फोन पर बात करने लगा। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आए बाइक सवार ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में वह सड़क पर गिरकर घायल हो गया।
परिजन उसे सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सक वीरेंद्र सिंह ने बताया कि युवक को प्राथमिक उपचार के बाद हालत सामान्य होने पर छुट्टी दे दी गई।
वहीं कस्बे के मोहल्ला खेल निवासी मोहसिन का सात वर्षीय पुत्र सारिक विद्यालय की छुट्टी के बाद घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में बाइक सवार ने उसे टक्कर मारकर घायल कर दिया। परिजनों ने उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।