संरचनात्मक रूप से असुरक्षित पाए गए भवन, एनडीएमसी ने जारी की एडवाइजरी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
नई दिल्ली। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने जन सुरक्षा के मद्देनजर वाल्मीकि सदन स्थित 145 टाइप-I सरकारी क्वार्टरों को खाली करने की सलाह दी है। ये क्वार्टर आठ आवासीय ब्लॉकों में स्थित हैं। एनडीएमसी के सिविल इंजीनियरिंग विभाग की ओर से किए गए संरचनात्मक मूल्यांकन में संबंधित भवनों को रहने के लिए असुरक्षित और आर्थिक रूप से मरम्मत योग्य नहीं पाया गया है।
एनडीएमसी के नगरपालिका आवास विभाग के अनुसार, प्रभावित भवनों में 1965-66 में निर्मित तीन मंजिला चार ब्लॉक शामिल हैं। इनमें G-25 से G-51, F-25 से F-51 और S-25 से S-51 तक के कुल 81 क्वार्टर हैं। इसके अलावा 1985-86 में निर्मित चार मंजिला चार अन्य ब्लॉकों में ब्लॉक संख्या 1 से 64 तक के कुल 64 क्वार्टर शामिल हैं।
भवनों की खराब होती संरचनात्मक स्थिति और संभावित खतरे को देखते हुए परिषद ने सभी संबंधित निवासियों से चिह्नित क्वार्टरों को जल्द से जल्द खाली करने की अपील की है। साथ ही निकासी प्रक्रिया में अधिकारियों को पूरा सहयोग देने को कहा गया है।
एनडीएमसी ने स्पष्ट किया है कि यह कदम पूरी तरह एहतियाती और निवारक है। परिषद के मुताबिक, निवासियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और तकनीकी आकलन व निर्धारित सुरक्षा मानकों के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



