डीएस ने किया पाकुड़ सदर अस्पताल का निरीक्षण, स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार के निर्देश
DS inspects Pakur Sadar Hospital; issues directives to improve health facilities.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़ जिले के डीएस डॉ. सोहेल अनवर ने सदर अस्पताल सोनाजोड़ी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पोस्ट ऑपरेटिव वार्ड, महिला वार्ड, प्राइवेट वार्ड, एसएनसीयू (विशेष नवजात शिशु देखभाल इकाई) तथा विद्युत व्यवस्था समेत मरीजों दी जा रही भोजन की गुणवत्ता का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जहां भी कमियां पाई गईं, उन्हें दूर करने के लिए सम्बन्धित कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए गये। उन्होंने कहा कि निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य सदर अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाना और मरीजों को जिले में ही गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराना है। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिया कि मरीजों के उपचार में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। साथ ही सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने और अस्पताल की सुविधाओं को दुरुस्त रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अस्पताल की व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा कर कमियों को दूर करना जरूरी है, ताकि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।
डिप्टी सुपरिंटेंडेंट (डीएस) की भूमिका पर नजर
सदर अस्पताल एवं जिला अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर बनाने में डिप्टी सुपरिंटेंडेंट की भूमिका अहम मानी जाती है। अब सवाल यह है कि क्या वे आम जनता की उम्मीदों पर खरे उतर पाएंगे? जिले के सभी स्वास्थ्य केन्द्रों में चिकित्सा सुविधाओं और उपचार व्यवस्था में सुधार लाकर बेहतर माहौल बनाने की जरूरत है। हालांकि, स्वास्थ्य सेवाओं में कितना सुधार होगा, यह आने वाला समय ही बताएगा।


