गाजियाबाद

लोनी के अशोक नगर में खुले नाले में गिरकर युवक की मौत, जिम्मेदार कौन?

दिल्ली-सहारनपुर मार्ग पर  मुख्य सड़क किनारे बने नाले में हुआ हादसा, राहगीरों की कोशिश नाकाम; जेसीबी से निकाला गया शव

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद दिल्ली-सहारनपुर मार्ग पर अशोक नगर कॉलोनी की मुख्य सड़क किनारे स्थित खुले नाले में गिरकर एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। युवक को नाले में गिरता देख आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी कोशिश सफल नहीं हो सकी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची लोनी पुलिस ने जेसीबी मशीन की सहायता से जैसे तैसे नाले से युवक का शव बाहर निकलवाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क किनारे बने नाले में युवक के गिरने के बाद वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने युवक को बचाने की हरसंभव कोशिश की, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू कराया।
काफी प्रयास के बाद जेसीबी मशीन की सहायता से युवक के शव को नाले से बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस ने शव की पहचान कराने का प्रयास किया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
खुला नाला बना जानलेवा खतरा
इस दर्दनाक घटना ने सड़क किनारे खुले पड़े नालों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर मुख्य सड़क के किनारे स्थित इतना गहरा नाला खुला क्यों छोड़ा गया? क्या संबंधित विभाग को इस संभावित खतरे की जानकारी नहीं थी? यदि नाले को ढका गया होता या उसके आसपास सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए होते, तो क्या युवक की जान बचाई जा सकती थी?
आखिर किसकी जवाबदेही तय होगी?
एक युवक की मौत के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि इस हादसे के लिए जिम्मेदारी किसकी है। नाले का रखरखाव करने वाले संबंधित विभाग और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की जांच होनी चाहिए। साथ ही, शहर में अन्य स्थानों पर खुले पड़े नालों का सर्वे कराकर उन्हें ढकने और खतरनाक स्थानों पर सुरक्षा अवरोध लगाने की जरूरत है।
यह हादसा प्रशासन और संबंधित विभागों के लिए चेतावनी है कि जनसुरक्षा से जुड़े मामलों में लापरवाही की अनदेखी भारी पड़ सकती है। अब देखना होगा कि इस घटना के बाद जिम्मेदार विभाग कोई ठोस कदम उठाते हैं या फिर खुले नाले किसी और हादसे का इंतजार करते रहेंगे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button