गाजियाबाद
लोनी नगरपालिका के वार्ड 41 में गंदगी का अंबार, मच्छरों का प्रकोप
स्थानीय नागरिक बीमारी फैलने की आशंका के चलते परेशान
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी (गाजियाबाद) : लोनी नगर पालिका परिषद के वार्ड नंबर 41 में बदहाल सफाई व्यवस्था से स्थानीय लोग बुरी तरह से परेशान हैं। गलियों में जगह-जगह कूड़े के ढेर और नालियों में जमा गंदा पानी मच्छरों के पनपने का कारण बन रहा है। इससे क्षेत्रवासियों को डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी बीमारियां फैलने की आशंका सता रही है। नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन से सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने और नियमित रुप से कालोनी में फॉगिंग कराने की मांग की है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, वार्ड में सफाई कर्मचारियों के नियमित रूप से नहीं पहुंचने के कारण नालियां कचरे से भरी पड़ी हैं। गंदा पानी सड़कों और खाली भूखंडों में जमा होने से दुर्गंध फैल रही है। मच्छरों की बढ़ती तादाद ने लोगों का घरों में रहना भी मुश्किल कर दिया है।
शिकायतों के बावजूद नहीं हुआ समाधान
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि सफाई की समस्या को लेकर स्थानीय सभासद और नगर पालिका प्रशासन को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन स्थिति में कोई खास सुधार नहीं हुआ। लोगों का कहना है कि लंबे समय से क्षेत्र में फॉगिंग भी नहीं कराई गई है। बदलते मौसम के बीच मच्छरजनित बीमारियों का खतरा बढ़ने से बच्चों और बुजुर्गों की सेहत को लेकर भी चिंता बनी हुई है।
प्रदर्शन की चेतावनी, नगरपालिका के अधिकारियों के खिलाफ आक्रोश
नगरपालिका की कार्यप्रणाली से नाराज़ स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ और मच्छरों को मारने के लिए कालोनी में कीटनाशक दवाओं का छिड़काव शुरू नहीं कराया गया, तो वे नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ एकजुट होकर प्रदर्शन करेंगे। क्षेत्रवासियों ने जनप्रतिनिधियों से मामले में हस्तक्षेप कर समस्या का जल्द समाधान कराने की मांग की है।
