उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के नवमनोनीत पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कानपुर : उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के नवमनोनीत पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक कोआपरेटिव इस्टेट कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कोआपरेटिव इस्टेट के चेयरमैन एवं उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के मुख्य संरक्षक विजय कपूर ने की। बैठक में संगठन को अधिक सक्रिय एवं प्रभावशाली बनाने, व्यापारियों की समस्याओं के समाधान तथा सदस्यता अभियान को गति देने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य संरक्षक विजय कपूर ने कहा कि किसी भी व्यापारिक संगठन की वास्तविक ताकत उसके सदस्यों का विश्वास,आपसी एकजुटता और व्यापारियों के हितों के प्रति उसकी प्रतिबद्धता होती है। उन्होंने नवमनोनीत पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वे व्यापारियों के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझें तथा उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों एवं अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से अपनी बात रखें। उन्होंने कहा कि युवा व्यापार मंडल को व्यापारियों की आवाज बनकर कार्य करना चाहिए। संगठन की जिम्मेदारी केवल समस्याओं को उठाने तक सीमित नहीं है,बल्कि उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास करना भी आवश्यक है। उन्होंने सदस्यता अभियान को व्यापक स्तर पर चलाने तथा अधिक से अधिक युवा व्यापारियों को संगठन से जोड़कर इसे मजबूत बनाने पर भी जोर दिया। इस अवसर पर विजय कपूर ने नवमनोनीत कमेटी के पदाधिकारियों को अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया और विश्वास व्यक्त किया कि नई टीम पूरी निष्ठा,ऊर्जा एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेगी। उन्होंने आशा जताई कि नवगठित कमेटी संगठन की गतिविधियों को नई गति प्रदान करेगी तथा व्यापारियों के हितों की रक्षा एवं उनकी समस्याओं के निस्तारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
बैठक में संगठन के पदाधिकारियों ने भी व्यापारियों के हित में मिलकर कार्य करने,संगठन का विस्तार करने तथा व्यापारिक समुदाय की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प व्यक्त किया। इस अवसर पर मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के प्रदेश प्रभारी कपिल सब्बरवाल, संयोजक अजय सराफ,महामंत्री रंजीत सिंह बिल्लू,युवा अध्यक्ष सौरभ गुप्ता,युवा महामंत्री सौरभ गोसाई,डा. दीपक श्रीवास्तव,नितिन छाबड़ा,कुलमीत छाबड़ा,अवनीत सिंह,अनुज जायसवाल,गोपाल सदाना,मयंक विज,अंश चंदेल,संजीव कपूर एवं समनदीप सिंह सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।


